दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए बन रहे अस्थायी कुंड, नगर आयुक्त ने परखी तैयारियां

WhatsApp Channel Join Now

नवरात्र और दुर्गा पूजा को लेकर नगर निगम ने तेज की तैयारी, जलजमाव वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पंप लगाने के निर्देश

वाराणसी। शारदीय नवरात्र और दुर्गा पूजा को लेकर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शहर में दुर्गा प्रतिमाओं के सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल विसर्जन के लिए अस्थायी सरोवर व विसर्जन कुंड चिह्नित किए जा रहे हैं। इनके निर्माण और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को समय से पूरा कराने के लिए नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने शुक्रवार को विभिन्न स्थानों का स्थलीय निरीक्षण किया।

नगर आयुक्त ने सबसे पहले शंकुलधारा पोखरा के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कार्यों की प्रगति देखी। इसके बाद जलकल परिसर में तैयार किए जा रहे विसर्जन कुंड का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से निर्माण कार्य की स्थिति की जानकारी ली और शेष कार्यों को तेजी से पूरा कराने के निर्देश दिए, ताकि दुर्गा पूजा के दौरान प्रतिमा विसर्जन में श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

123

जलकल परिसर में प्रस्तावित विशाल कम्युनिटी एवं थीम पार्क के निर्माण कार्य का भी नगर आयुक्त ने जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

जलजमाव पर सख्त रुख
त्योहार की तैयारियों के साथ नगर आयुक्त ने शहर में जलजमाव की स्थिति का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वार्ड संख्या 33 करौंदी स्थित महामना पुरी कॉलोनी पहुंचकर जलभराव का जायजा लिया। इसके बाद भिखारीपुर से अखरी बाईपास तक मुख्य मार्ग और कंदवा क्षेत्र में जल निकासी की व्यवस्था देखी।

123

जलजमाव प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल राहत दिलाने के लिए नगर आयुक्त ने अधिकारियों को जल निकासी के लिए अतिरिक्त पंप लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जलभराव वाले क्षेत्रों में निकासी व्यवस्था को प्रभावी बनाया जाए, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो। नगर आयुक्त के निरीक्षण के दौरान नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों को नवरात्र और दुर्गा पूजा से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए गए।

Share this story