घर से साइकिल लेकर निकला किशोर, ट्रक में बैठकर पहुंच गया झारखंड के नक्सल प्रभावित इलाके सिमडेगा, वाराणसी पुलिस ने सकुशल खोज निकाला

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। घर की परिस्थितियों से आहत होकर परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए काम की तलाश में निकला नाबालिग सैकड़ों किलोमीटर दूर झारखंड के नक्सल प्रभावित सिमडेगा क्षेत्र में पहुंच गया। वाराणसी पुलिस की तत्परता और तकनीकी निगरानी के चलते उसे सकुशल बरामद कर लिया गया। नाबालिग एक अगस्त को बड़ागांव थाना क्षेत्र स्थित अपने घर से साइकिल लेकर निकला था और रास्ते में उड़ीसा जा रहे एक ट्रक में बैठ गया था।

नाबालिग के गुमशुदा होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल ने मामले का स्वयं संज्ञान लिया और तत्काल उसकी सकुशल बरामदगी के लिए पुलिस टीम गठित करने के निर्देश दिए। इसके बाद SOG, सर्विलांस सेल और थाना बड़ागांव पुलिस की संयुक्त टीम ने तलाश शुरू की।

पुलिस टीम ने नाबालिग का सुराग लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी माध्यमों के साथ मानवीय स्रोतों की भी मदद ली। लगातार जांच के दौरान पुलिस को उसकी लोकेशन झारखंड-उड़ीसा सीमा से सटे सिमडेगा जिले के थाना सिमडेगा क्षेत्र में मिली। स्थान की जानकारी मिलने के बाद वाराणसी पुलिस ने स्थानीय थाना पुलिस से समन्वय स्थापित किया और अभियान चलाकर नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया।

पूछताछ में नाबालिग ने पुलिस को बताया कि वह घर की परिस्थितियों से काफी परेशान था। परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने और रोजगार की तलाश में वह साइकिल से घर से निकला था। रास्ते में उड़ीसा जा रहे एक ट्रक में सवार हो गया और उसी के साथ सिमडेगा क्षेत्र तक पहुंच गया। नाबालिग के सकुशल बरामद होने की जानकारी मिलने पर परिजन भावुक हो उठे। उन्होंने पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल से मुलाकात कर पुलिस टीम का आभार जताया। परिजनों ने कहा कि पुलिस की त्वरित कार्रवाई से उनका बच्चा किसी अनहोनी या गलत हाथों में जाने से बच गया।

17 अगस्त को पुलिस आयुक्त ने कैंप कार्यालय में नाबालिग और उसके परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने बच्चे से बातचीत कर उसकी समस्या समझी और बिना बताए घर से निकलने के गंभीर परिणामों के बारे में समझाया। साथ ही भविष्य में ऐसी गलती नहीं करने की नसीहत दी। उन्होंने परिजनों को भी बच्चे के साथ संवाद बनाए रखने और उसकी समस्याओं को समझने के लिए प्रेरित किया। पुलिस आयुक्त ने नाबालिग की बरामदगी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली SOG, सर्विलांस सेल और थाना बड़ागांव पुलिस टीम की सराहना की। उन्होंने संवेदनशील मामलों में इसी तरह त्वरित और प्रभावी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए।

Share this story