वाराणसी में किशोर की ईंट से मारकर हत्या, परिजनों ने किया हंगामा, घाट पर दुकान लगाने को लेकर विवाद
वाराणसी। आदमपुर थाना के तेलियाना मोहल्ले में किशोर की ईंट से मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद परिजन आक्रोशित हो गए। परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मंडलीय अस्पताल में जमकर हंगामा किया। सूचना के बाद पहुंचे एसीपी ने समझाकर शांत कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घटना की जांच में जुट गई।

नाविकों में सक्का घाट पर फूल-माला और मूर्तियों की दुकान लगाने को लेकर विवाद चल रहा था। इसको लेकर रविवार की रात दोनों पक्षों की महिलाओं में तूं-तूं-मैं-मैं शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप से लिया। दोनों पक्षों से जमकर मारपीट होने लगी। इसी दौरान नीरज (17 वर्ष) को ईंट से चोट लगने की वजह से सिर में गंभीर चोट आई।

सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस घायल किशोर को मंडलीय अस्पताल भेजा, हालांकि चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजन आक्रोशित हो गए। परिजनों ने पुलिस पर आरोप लगाया कि विवाद की सूचना के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके चलते ऐसी घटना घटी। सूचना के बाद एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से बातकर शांत कराया।

