गंगा स्नान के दौरान डूबने से किशोर की मौत, महाराष्ट्र से परिजनों संग काशी भ्रमण पर आया था किशोर 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र के केदार घाट पर रविवार को महाराष्ट्र के सतारा जिले से वाराणसी घूमने आए एक किशोर की गंगा में स्नान करते समय डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद घाट पर हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस व राहत टीम को सूचना दी। सूचना के बाद पहुंची एनडीआरएफ की टीम ने शव बरामद किया।

a

महाराष्ट्र के सतारा निवासी प्रयाग सचिन (15) अपने परिजनों के साथ धार्मिक यात्रा पर वाराणसी आया हुआ था। रविवार को वह परिवार के साथ गंगा स्नान करने के लिए केदार घाट पहुंचा। स्नान के दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया, जिससे वह डूबने लगा। घटना को देख आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज धारा और गहराई के कारण सफलता नहीं मिल सकी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। 

a

एनडीआरएफ की टीम ने डूबे किशोर की तलाश शुरू की और कुछ समय बाद उसे पानी से बाहर निकाल लिया। हालांकि, जब तक उसे बाहर निकाला गया, तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी। मौके पर मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद किशोर को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। प्रशासन ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अपील की है कि गंगा में स्नान करते समय सावधानी बरतें, निर्धारित सुरक्षित स्थानों पर ही स्नान करें और बच्चों पर विशेष निगरानी रखें, ताकि इस प्रकार की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।

Share this story