मिर्जामुराद में किशोरी से छेड़खानी, मारपीट कर झाड़ियों में फेंका, आरोपी फरार

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के एक गांव में सोमवार सुबह एक 17 वर्षीय किशोरी के साथ छेड़खानी और मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। घटना के बाद आरोपी किशोरी को अधमरी हालत में झाड़ियों में फेंककर फरार हो गया। पीड़िता के चाचा ने तहरीर देकर पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। 

किशोरी सुबह के वक्त खेत की ओर जा रही थी। इसी दौरान मिर्जापुर जिले के नारायणपुर (जमुआ) गांव निवासी अमित कुमार बिंद नामक युवक ने उसे रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि युवक ने किशोरी के साथ छेड़खानी की। जब किशोरी ने विरोध किया, तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और उसे गंभीर रूप से घायल कर बेहोशी की हालत में पास ही बांस की झाड़ियों में फेंक दिया।

काफी देर तक घर न लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान किशोरी खेत के पास झाड़ियों में अचेत अवस्था में पड़ी मिली। परिजन उसे तुरंत एक निजी अस्पताल ले गए, जहां होश आने पर उसने पूरी घटना की जानकारी दी। 

घटना के बाद पीड़िता के चाचा ने थाने में आरोपी के खिलाफ नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है, लेकिन वह फिलहाल फरार है।

Share this story