मिर्जामुराद में किशोरी के अपहरण का मामला, दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय किशोरी के अपहरण का मामला सामने आया है। पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने गांव के ही दो युवकों के खिलाफ अपहरण समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार, क्षेत्र के मोंगलाबीर निवासी राजन राजभर 2 अप्रैल 2026 को उसकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। घटना के बाद परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन किशोरी का अब तक कोई पता नहीं चल सका है, जिससे परिवार में चिंता और भय का माहौल बना हुआ है।
महिला ने बताया कि तलाश के दौरान जानकारी मिली कि उसी रात करीब 10 बजे जेवसीपुर रिंग रोड के पास पुल के नीचे जंसा थाना क्षेत्र के कपरफोरवा गांव निवासी प्रियांशु पटेल द्वारा लड़की को छोड़े जाने की बात सामने आई। हालांकि जब परिजनों ने इस संबंध में युवक से पूछताछ की, तो उसने कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने बेटी के बारे में जानकारी लेने का प्रयास किया, तो आरोपी और उसके साथियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। साथ ही यह भी आरोप लगाया गया कि आरोपी एक गिरोह के रूप में काम करते हैं, जो लोगों को डराने-धमकाने का प्रयास करता है।
महिला के अनुसार, आरोपी मोबाइल फोन के माध्यम से लगातार धमकियां भी दे रहे हैं, जिससे परिवार दहशत में है। पीड़िता ने पुलिस से अपनी बेटी की जल्द सकुशल बरामदगी और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

