आईआईटी बीएचयू में टेक्नेक्स 2026 का आगाज, दिग्गजों ने दिए व्याख्यान, तकनीक-नवाचार और नेतृत्व का दिखा संगम
वाराणसी। आईआईटी बीएचयू के वार्षिक टेक्नो-मैनेजमेंट महोत्सव Technex 2026 के 87वें संस्करण का शुक्रवार को स्वातंत्रता भवन में भव्य शुभारंभ हुआ। तकनीक, नवाचार, नेतृत्व और रचनात्मकता के संगम के साथ शुरू हुए इस प्रतिष्ठित महोत्सव ने पहले ही दिन छात्रों और आगंतुकों में उत्साह का माहौल बना दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत संस्थान के कुलगीत से हुई, जिसकी गूंज ने संस्थान की समृद्ध परंपरा और नवाचार से भरे भविष्य की झलक प्रस्तुत की। महोत्सव की औपचारिक शुरुआत से पहले 10 मार्च को एक विशेष वर्चुअल प्री-इवेंट सत्र भी आयोजित किया गया था। इसमें ओपन-सोर्स तकनीक के प्रमुख समर्थक Bruce Perens ने भाग लिया। वे Open Source Initiative के संस्थापक सदस्यों में शामिल रहे हैं और Linux आंदोलन में भी महत्वपूर्ण योगदान दे चुके हैं। उन्होंने ओपन-सोर्स तकनीक के विकास और उसके वैश्विक प्रभाव पर अपने विचार साझा किए।

उद्घाटन दिवस का मुख्य आकर्षण थिंक टॉक सीरीज रहा, जिसमें बेनेडेटो विगना, मुख्य कार्यकारी अधिकारी फेरारी ने सहभागिता की। यह सत्र सर्जियस बरेटो, मैनेजिंग एडिटर Autocar India द्वारा संचालित किया गया। इस दौरान विग्ना ने प्रिसिजन इंजीनियरिंग, लग्जरी ऑटोमोबाइल तकनीक और उद्योग में हो रहे नवाचारों पर अपने अनुभव साझा किए। साथ ही उन्होंने आगामी Formula One सीजन के लिए फेरारी की रणनीतिक सोच और टीमवर्क के महत्व पर भी प्रकाश डाला।

दोपहर के सत्रों में आधुनिक तकनीक और प्रेरक अनुभवों का अनूठा संगम देखने को मिला। Unitree G1 Humanoid Robot ने स्वातंत्रता भवन में अपनी गतिविधियों और नृत्य प्रदर्शन से दर्शकों को आकर्षित किया, जिससे रोबोटिक्स के क्षेत्र में हो रही प्रगति का प्रभावशाली प्रदर्शन हुआ। इस अवसर पर अमित सिंह सोहाल (वीएसएम) ने भी प्रेरक व्याख्यान दिया, जिसमें उन्होंने नेतृत्व, अनुशासन और रणनीतिक कौशल से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। वहीं कॉरपोरेट कॉन्क्लेव, जिसे National Securities Depository Limited के सहयोग से आयोजित किया गया, में शांतनु चक्रबर्ती ने भारत के बदलते पूंजी बाजार और वित्तीय क्षेत्र में तकनीक की बढ़ती भूमिका पर महत्वपूर्ण विचार रखे।
कैलिडोस्कोप सत्र में प्रसिद्ध लेखक और शो-रनर पुनीत कृष्णा, जिन्होंने लोकप्रिय वेब श्रृंखला मिर्जापुर का निर्माण किया है, ने डिजिटल कहानी कहने की कला और भारतीय मनोरंजन उद्योग में हो रहे बदलावों पर अपने अनुभव साझा किए।
महोत्सव के दौरान आयोजित डिफेंस सिम्पोजियम 2.0 भी विशेष आकर्षण रहा, जिसे Indian Army और Garhwal Rifles के सहयोग से आयोजित किया गया। इसमें उन्नत हथियार प्रणालियों, नैनो ड्रोन, रिमोट पायलटेड एयरक्राफ्ट सिस्टम और ऑल-टेरेन वाहनों जैसे आधुनिक रक्षा उपकरणों का प्रदर्शन किया गया।
दिनभर टेक्नेक्स परिसर में RoboWars, हैकाथॉन और ड्रोन तकनीक आधारित प्रतियोगिता Ascension जैसी गतिविधियों ने प्रतिभागियों का उत्साह बनाए रखा। वहीं पेंटबॉल, वर्चुअल रियलिटी अनुभव और हाई-स्पीड रेसिंग सिमुलेटर जैसी गतिविधियों ने माहौल को और भी जीवंत बना दिया। Technex 2026 के माध्यम से आईआईटी (बीएचयू) ने एक बार फिर यह साबित किया कि यह संस्थान तकनीकी नवाचार, बहुविषयी सहयोग और युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए एक मजबूत मंच प्रदान करता है।

