चॉक-डस्टर छोड़कर खेल मैदान में उतरीं शिक्षिकाएं, दौड़ में दिखाया दम
100 मीटर में नंदनी वर्मा ने 15 सेकेंड में हासिल किया पहला स्थान
200 मीटर में अनुपम और गीतांजलि संयुक्त विजेता
वाराणसी। शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को विकास इंटर कॉलेज के खेल मैदान में आयोजित खेल प्रतियोगिता में शिक्षिकाओं ने चॉक-डस्टर छोड़कर मैदान में उतरकर अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में 52 शिक्षिकाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। छात्र-छात्राओं को रोजाना किताब, कॉपी और चॉक-डस्टर के माध्यम से पढ़ाने वाली शिक्षिकाओं को खेल मैदान में दौड़ते देख माहौल उत्साह से भर गया। साथी शिक्षिकाओं और उपस्थित लोगों ने तालियां बजाकर प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।

प्रतियोगिता के तहत आयोजित 100 मीटर दौड़ में नंदनी वर्मा ने 15 सेकेंड का समय निकालकर पहला स्थान हासिल किया। डॉली पाल दूसरे, आस्था तीसरे, नीलिमा सिंह चौथे और महजबी पांचवें स्थान पर रहीं। वहीं 200 मीटर दौड़ में अनुपम सिंह और गीतांजलि ने शानदार प्रदर्शन करते हुए संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया। दोनों ने 32-32 सेकेंड में दौड़ पूरी की। चांदनी पटेल ने दूसरा और आकांक्षा यादव ने तीसरा स्थान हासिल किया।

प्रतियोगिता के दौरान शिक्षिकाओं में जीत को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। मैदान में प्रतिभागियों ने पूरे जोश के साथ अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में खेल के प्रति उत्साह के साथ आपसी सहयोग और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा का भी माहौल रहा। विकास एजुकेशनल ग्रुप के चेयरमैन डॉ. एके सिंह ने कहा कि इस आयोजन ने यह संदेश दिया कि शिक्षा के साथ खेल और शारीरिक गतिविधियां भी व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उन्होंने शिक्षिकाओं के उत्साह और प्रतिभागिता की सराहना की।
प्रतियोगिता का आयोजन सचिव डॉ. आशा सिंह की देखरेख में किया गया। माधुरी वर्मा ने कार्यक्रम का संचालन किया। आयोजन ने शिक्षक दिवस को खेल, ऊर्जा और उत्साह से जोड़ते हुए शिक्षिकाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया।

