बाबा विश्वनाथ की मंगला आरती के लिए तत्काल टिकट, रोजाना 100 श्रद्धालुओं को मिलेगा मौका

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन व्यवस्था को और सुगम बनाने के लिए मंगला आरती की तत्काल टिकट बुकिंग सेवा शुरू कर दी गई है। अब श्रद्धालु अगले दिन की मंगला आरती में शामिल होने के लिए उसी दिन सुबह 11 बजे से ऑनलाइन तत्काल टिकट बुक कर सकेंगे। मंदिर प्रशासन ने इस नई व्यवस्था की पूरी प्रक्रिया आधिकारिक वेबसाइट पर अपडेट कर दी है।

तत्काल कोटे के तहत प्रतिदिन 100 टिकट उपलब्ध कराए जाएंगे। वेबसाइट खोलने पर अब रेलवे की तर्ज पर ‘जनरल’ और ‘तत्काल’ दोनों बुकिंग विकल्प दिखाई देंगे, जिससे श्रद्धालुओं को टिकट लेने में अधिक सुविधा मिलेगी। खास बात यह है कि दोनों श्रेणियों के टिकट का शुल्क समान रखा गया है, यानी 500 रुपये प्रति व्यक्ति। मंदिर प्रशासन के अनुसार, जनरल मंगला आरती के टिकट श्रद्धालु 30 दिन पहले तक बुक कर सकते हैं, जबकि तत्काल टिकट केवल अगले दिन की आरती के लिए ही उपलब्ध होंगे। इससे उन श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी, जो अचानक यात्रा की योजना बनाते हैं या पहले से टिकट नहीं ले पाते।

हालांकि, जनरल और तत्काल टिकट धारकों के लिए प्रवेश और बैठने की व्यवस्था अलग-अलग निर्धारित की गई है। जनरल टिकट वाले श्रद्धालुओं को गेट नंबर 1 (ढुंढिराज गणेश द्वार) से प्रवेश दिया जाएगा और उनकी बैठने की व्यवस्था दक्षिण दिशा की एलईडी स्क्रीन के पास होगी। वहीं, तत्काल टिकट वाले श्रद्धालुओं का प्रवेश गेट नंबर 4बी से होगा और उन्हें उत्तर दिशा की एलईडी के पास बैठाया जाएगा।

Share this story