स्वामी अविमुक्तेश्वरानन्द के खिलाफ तहरीर, नाज़नीन अंसारी ने FIR की मांग की

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। नाज़नीन अंसारी ने स्वामी अविमुक्तेश्वरानन्द के विवादित बयान के खिलाफ लालपुर-पाण्डेयपुर थाने में तहरीर देकर FIR दर्ज करने की मांग की है। मुस्लिम महिला फाउंडेशन की राष्ट्रीय अध्यक्ष नाज़नीन अंसारी अपने अधिवक्ता और सहयोगियों के साथ थाने पहुंचीं और एसआई प्रभाकर सिंह को प्रार्थना पत्र सौंपा।

ं

“बयान से फैल सकती है नफरत और वैमनस्य”
नाज़नीन अंसारी ने स्वामी के उस बयान को पूरी तरह झूठा और भ्रामक बताया, जिसमें दावा किया गया था कि इन्द्रेश कुमार ने 10 लाख हिन्दू लड़कियों की शादी मुस्लिम घरों में कराई। उन्होंने कहा कि इस तरह के बयान से समाज में नफरत फैल सकती है और हिन्दू-मुस्लिम संबंधों पर नकारात्मक असर पड़ सकता है।

तहरीर में साम्प्रदायिक तनाव और कानून-व्यवस्था का हवाला
दी गई तहरीर में कहा गया है कि स्वामी द्वारा बार-बार ऐसे भड़काऊ और असत्य बयान दिए जा रहे हैं, जिनसे सामाजिक वैमनस्य, भय और भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। तहरीर के अनुसार, यह बयान सार्वजनिक शांति भंग करने और साम्प्रदायिक ध्रुवीकरण को बढ़ावा देने वाला है।

धार्मिक भावनाएं आहत होने का आरोप
नाज़नीन अंसारी ने कहा कि इस बयान से न केवल उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं, बल्कि दलित और कमजोर वर्ग की महिलाओं के सम्मान को भी ठेस पहुंची है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह के दावे समाज में गलत धारणा पैदा करते हैं और महिलाओं की गरिमा को नुकसान पहुंचाते हैं।

कठोर कार्रवाई की मांग
तहरीर में भारतीय न्याय संहिता, 2023 के तहत स्वामी अविमुक्तेश्वरानन्द के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि ऐसे बयानों पर रोक नहीं लगी, तो भविष्य में साम्प्रदायिक तनाव और कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ सकती है।

सौहार्द बनाए रखने की अपील
नाज़नीन अंसारी ने प्रशासन से अपील की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल FIR दर्ज की जाए, ताकि समाज में शांति, सौहार्द और भाईचारा कायम रह सके।

Share this story