वाराणसी में स्वाइन फ्लू का खतरा, अब तक 113 मरीजों में हुई पुष्टि, लक्षण दिखें तो तुरंत कराएं जांच 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। जिले में स्वाइन फ्लू के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। एक अगस्त से अब तक कुल 113 मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। इनमें 56 मरीज वाराणसी जिले के रहने वाले हैं, जबकि अन्य मरीज बिहार समेत दूसरे जिलों के हैं, जो इलाज के लिए वाराणसी पहुंचे थे। अब तक करीब 90 फीसदी मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। अलग-अलग अस्पतालों से कुल 410 मरीजों के सैंपल लिए गए थे, जिनमें 113 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। स्वाइन फ्लू से किसी भी मरीज की मौत नहीं हुई है। 

आईएमएस बीएचयू में निशुल्क RTPCR जांच
सीएमओ डॉ. एनपी सिंह ने बताया कि फिलहाल स्वाइन फ्लू को लेकर घबराने जैसी स्थिति नहीं है, लेकिन लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। भीड़भाड़ वाले इलाकों में मास्क का प्रयोग करने की सलाह दी गई है। उन्होंने बताया कि सरकार की ओर से स्वाइन फ्लू की निशुल्क जांच की व्यवस्था की गई है। आईएमएस बीएचयू की माइक्रोबायोलॉजी लैब में मुफ्त RTPCR जांच की जा रही है।

फिलहाल मरीजों की संख्या सीमित होने के कारण एक ही सेंटर पर जांच की जा रही है। यदि आने वाले दिनों में संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ती है तो शिव प्रसाद गुप्त मंडलीय अस्पताल में भी जांच सेंटर शुरू किया जाएगा। यहां भी मरीजों की निशुल्क जांच की जाएगी।

ये लक्षण दिखें तो कराएं जांच
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार तीन से पांच दिनों तक लगातार तेज बुखार, पानी पीने या निगलने में गले में दर्द, मांसपेशियों में दर्द और सांस लेने में दिक्कत जैसे लक्षण दिखाई दें तो चिकित्सकीय सलाह लेनी चाहिए। ऐसे लक्षणों को नजरअंदाज न करते हुए RTPCR जांच कराने की सलाह दी गई है।

फ्रंटलाइन वॉरियर्स के लिए वैक्सीन उपलब्ध
सीएमओ ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग के पास फ्रंटलाइन वॉरियर्स के लिए स्वाइन फ्लू की वैक्सीन भी उपलब्ध है। जरूरत के अनुसार जल्द ही टीकाकरण की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है।

Share this story