बीएचयू में तैराकी प्रशिक्षण, 6 से 10 वर्ष के बच्चे माता-पिता के साथ ले सकेंगे ट्रेनिंग

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में 17 दिन के अंतराल के बाद तैराकी प्रशिक्षण की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस बार प्रशिक्षण कार्यक्रम में विशेष बदलाव करते हुए 6 से 10 वर्ष तक के बच्चों को केवल उनके माता-पिता के साथ ही स्विमिंग पूल में प्रवेश और प्रशिक्षण की अनुमति दी जाएगी।

पहले चरण में यह प्रशिक्षण केवल बीएचयू के छात्रों के लिए आरक्षित रहेगा। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार तैराकी प्रशिक्षण के लिए आवेदन की अंतिम तिथि सोमवार रात तक निर्धारित की गई थी। इस दौरान अभ्यर्थियों के आवेदन लिए गए।

बीएचयू के खेल विभाग के अनुसार, स्विमिंग पूल में बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। इसी कारण कम उम्र के बच्चों के लिए अभिभावकों की उपस्थिति अनिवार्य की गई है। प्रशिक्षण स्टाफ की सलाह पर अभिभावक भी अपने बच्चों के साथ प्रशिक्षण के लिए पंजीकरण करा रहे हैं।

महासचिव प्रो. एके नेमा ने बताया कि विश्वविद्यालय के विवेकानंद परिसर स्थित स्विमिंग पूल में तैराकी सत्र संचालित किया जाएगा। प्रशिक्षण शुल्क छात्रों के लिए 1500 रुपये निर्धारित किया गया है, जबकि 50 रुपये में आईडी कार्ड बनवाना अनिवार्य होगा।

वहीं, बीएचयू के कर्मचारियों के लिए प्रशिक्षण शुल्क 2500 रुपये रखा गया है। यह तैराकी प्रशिक्षण कार्यक्रम 1 अगस्त से 30 नवंबर तक संचालित होगा, जिसमें प्रशिक्षित कोच प्रतिभागियों को तैराकी का प्रशिक्षण देंगे।

Share this story