स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के श्री विद्या मठ के श्री हनुमान मंदिर चोरी कांड का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार, चोरी का सामान बरामद

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र के श्रीविद्या मठ स्थित श्री हनुमान मंदिर में हुई चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी किए गए आभूषणों एवं अन्य सामान के साथ 1500 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में मंदिर से चोरी करने वाला मुख्य आरोपी तथा चोरी का सामान खरीदने वाले दो दुकानदार शामिल हैं।

पुलिस आयुक्त के निर्देशन में अपराधियों की गिरफ्तारी एवं अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस उपायुक्त काशी जोन, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन तथा सहायक पुलिस आयुक्त भेलूपुर के पर्यवेक्षण में थाना भेलूपुर पुलिस टीम ने मामले का खुलासा किया।

एसीपी गौरव कुमार के अनुसार श्रीविद्या मठ, शंकराचार्य घाट स्थित श्री हनुमान मंदिर से भगवान की प्रतिमा पर चढ़ा चांदी का हार, पीतल का लोटा, आचमन पात्र तथा अन्य पूजन सामग्री चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की और विभिन्न माध्यमों से जानकारी जुटाने के बाद मुख्य आरोपी राजू खान को रत्नाकर पार्क के पास से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर चोरी का सामान खरीदने वाले दो अन्य व्यक्तियों ध्रुव कुमार वर्मा और संतोष वर्मा को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से एक पीतल का लोटा, सफेद धातु से बने तीन मुकुट, एक चेन, गदा का टूटा हुआ ऊपरी भाग, एक धातु का टुकड़ा तथा 1500 रुपये नकद बरामद किए हैं।

जांच में यह भी सामने आया कि मुख्य आरोपी राजू खान पहले भी चोरी और चोरी के माल की खरीद-फरोख्त से जुड़े कई मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ भेलूपुर और लंका थानों में पूर्व से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं चोरी का सामान खरीदने वाले दोनों आरोपियों के खिलाफ भी संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बरामद सामान को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इस सफलता में प्रभारी निरीक्षक दुर्गा सिंह, उपनिरीक्षक नवीन कुमार चतुर्वेदी, उपनिरीक्षक शिवम श्रीवास्तव, कांस्टेबल सूरज कुमार भारती, संदीप कुमार तथा सर्विलांस सेल के कांस्टेबल प्रशांत तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Share this story