स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद का पलटवार : व्हाट्सएप स्क्रीनशॉट जारी कर लगाए गंभीर आरोप

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने बुधवार को आयोजित प्रेसवार्ता में कई व्हाट्सएप स्क्रीनशॉट सार्वजनिक करते हुए गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि ये स्क्रीनशॉट एक ऐसे व्हाट्सएप ग्रुप से संबंधित हैं, जिसे कथित रूप से आशुतोष ब्रह्मचारी ने बनाया था। शंकराचार्य ने स्पष्ट कहा कि प्रस्तुत किए गए चित्र और चैट “एआई जनित नहीं”, बल्कि वास्तविक हैं।

123

प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि स्क्रीनशॉट में विवेचना टीम से जुड़े होने के संकेत मिलते हैं। उनका प्रश्न था कि यदि किसी प्रकरण की पुलिस जांच जारी है, तो उसकी गोपनीय जानकारी संबंधित व्यक्ति तक कैसे पहुंच रही है। उन्होंने यह भी कहा कि जिन बच्चों के माध्यम से आरोप लगाए गए, वे लंबे समय से आशुतोष ब्रह्मचारी के संपर्क में थे और स्वतंत्र रूप से विभिन्न स्थानों पर आ-जा रहे थे। शंकराचार्य का दावा है कि वे बच्चे उनके पास कभी आए ही नहीं।

 

उन्होंने आशुतोष ब्रह्मचारी के कथित फेसबुक अकाउंट से कुछ तस्वीरें भी साझा कीं, जिनमें प्रयागराज के एक पुलिस अधिकारी के साथ केक काटते हुए फोटो शामिल होने का दावा किया गया। शंकराचार्य ने कहा कि उनके द्वारा फोटो सार्वजनिक करने के बाद संबंधित पोस्ट हटा दी गई। उन्होंने कहा कि सभी साक्ष्य न्यायालय में प्रस्तुत किए जाएंगे।

 

मठ और विद्यार्थियों को लेकर उठे सवालों पर प्रतिक्रिया देते हुए शंकराचार्य ने कहा कि उनके मठ और शिक्षण संस्थानों में संस्कारित परिवारों के छात्र अध्ययन करते हैं। उन्होंने कुछ शिष्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि वे निष्ठा से सेवा कर रहे हैं। आरोपों का खंडन करते हुए उन्होंने कहा, “यदि गुरु सही है तो शिष्य गलत नहीं हो सकता। हमारे मठ में कोई गुप्त स्थान नहीं हैं।”

 

प्रेसवार्ता में उन्होंने राजनीतिक टिप्पणी भी की और कहा कि वे किसी व्यक्ति विशेष के पक्ष में नहीं, बल्कि न्यायालय की प्रक्रिया के पक्ष में हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उन्होंने किसी राजनीतिक नेता को कोई पत्र नहीं लिखा। उन्होंने बताया कि मामला हाईकोर्ट में सूचीबद्ध है और सुनवाई की प्रक्रिया जारी है। साथ ही आशुतोष ब्रहह्मचारी के खिलाफ धारा 22 के तहत केस दर्ज होने का भी उल्लेख किया। फिलहाल इस पूरे प्रकरण को लेकर धार्मिक और राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज है, जबकि प्रशासन की आधिकारिक प्रतिक्रिया की प्रतीक्षा की जा रही है।

देखें VIDEO

Share this story