विश्वनाथ मंदिर परिक्षेत्र में चाकू के साथ संदिग्ध युवक गिरफ्तार, अन्नपूर्णा मंदिर के पास IB ने पकड़ा, चंदौली का निवासी बताया जा रहा शाहिद जमाल, ATS खंगाल रही इतिहास
वाराणसी। श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर परिक्षेत्र में शनिवार को सुरक्षा एजेंसियों ने एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया। अन्नपूर्णा मंदिर के पास इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) की टीम ने संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर युवक को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास से चाकू मिलने की बात सामने आई है। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियां और स्थानीय पुलिस सक्रिय हो गईं।
हिरासत में लिए गए युवक की पहचान शाहिद जमाल के रूप में बताई जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में उसके चंदौली जनपद का निवासी होने की जानकारी सामने आई है। युवक को हिरासत में लेने के बाद IB, एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) और पुलिस की संयुक्त टीम उससे पूछताछ कर रही है। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि वह विश्वनाथ मंदिर क्षेत्र में किस उद्देश्य से पहुंचा था और उसके पास चाकू क्यों था।
काशी विश्वनाथ मंदिर क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए एजेंसियां मामले को गंभीरता से लेते हुए युवक की पृष्ठभूमि और गतिविधियों की जानकारी जुटा रही हैं। ATS की टीम युवक का आपराधिक एवं अन्य रिकॉर्ड खंगालने में जुटी है। साथ ही उसके स्थानीय संपर्कों और वाराणसी आने के उद्देश्य के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
सुरक्षा एजेंसियों की पूछताछ और जांच पूरी होने के बाद ही मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है। घटना के बाद विश्वनाथ मंदिर और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सतर्कता बढ़ा दी गई है।

