सूर्यकुण्ड और उत्तरार्क आदित्य मंदिर का होगा कायाकल्प, धार्मिक पर्यटन को मिलेगा नया आयाम
वाराणसी। काशी के प्राचीन धार्मिक स्थलों और ऐतिहासिक धरोहरों को विश्वस्तरीय पहचान दिलाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। प्रदेश सरकार के स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल ने रविवार को उत्तरी विधानसभा क्षेत्र में पर्यटन एवं आधारभूत विकास से जुड़ी दो प्रमुख परियोजनाओं का शुभारंभ किया। उन्होंने पर्यटन विभाग की ओर से 1.08 करोड़ रुपये की लागत से श्री उत्तरार्क आदित्य (सूर्य) मंदिर एवं सूर्यकुण्ड (बकरियाकुंड) के समग्र विकास कार्य का भूमि पूजन किया। साथ ही आवास विकास विभाग की ओर से 20.84 लाख रुपये की लागत से अलईपुरा वार्ड में इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण परियोजना का भी शिलान्यास किया।
भूमि पूजन के अवसर पर मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार काशी के प्राचीन मंदिरों, ऐतिहासिक कुंडों और धार्मिक स्थलों के संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य इन धरोहरों को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ते हुए उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाना है, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

उन्होंने बताया कि उत्तरार्क आदित्य मंदिर एवं सूर्यकुण्ड के विकास कार्य के तहत पूरे परिसर का व्यापक सौंदर्यीकरण किया जाएगा। यहां आधुनिक प्रकाश व्यवस्था, आकर्षक पाथवे, बैठने की समुचित व्यवस्था, स्वच्छता प्रबंधन और अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे न केवल धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय व्यापार और रोजगार के अवसरों में भी वृद्धि होगी।
मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार धार्मिक स्थलों के विकास के साथ-साथ शहर के मोहल्लों और वार्डों में सड़क, नाली और अन्य बुनियादी सुविधाओं का भी तेजी से विस्तार कर रही है। इसी क्रम में अलईपुरा वार्ड में धूरे सोनकर के मकान से शैलपुत्री चौराहे तक बनने वाली इंटरलॉकिंग सड़क से स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा बरसात के दौरान जलभराव और कीचड़ जैसी समस्याओं से राहत मिलेगी।
उन्होंने निर्माण एजेंसियों और अधिकारियों को निर्देश दिया कि दोनों परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, ताकि आमजन को जल्द से जल्द इन विकास कार्यों का लाभ मिल सके। इस अवसर पर ट्रस्ट अध्यक्ष चंद्रलेखा मौर्या, मंडल अध्यक्ष दिलीप चौहान, पूर्व मंडल अध्यक्ष कमलेश सोनकर, पार्षद रिंकू मौर्या, सत्यनारायण सेठ, गणेश कुशवाहा, प्रमोद मौर्य, आनंद जायसवाल, श्रीप्रकाश जायसवाल, सुबास पासी, नंदू सोनकर, पुजारी रतन पाठक, उमाशंकर चौधरी, दशरथ प्रसाद, पूजा गुप्ता, तारा देवी, गोपाल, दीपक जायसवाल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

