भिखारीपुर त्रिमुहानी में धंसी सड़क, राहगीरों के लिए बढ़ा खतरा, बदहाल व्यवस्था पर उठे सवाल

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। शहर में लगातार सामने आ रही सड़क धंसने की घटनाओं ने नगर निगम और निर्माण एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ताजा मामला भिखारीपुर त्रिमुहानी स्थित दैत्राबीर बाबा मंदिर के पास का है, जहां मुख्य सड़क अचानक धंस जाने से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सड़क के बीच बने गहरे गड्ढे के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द मरम्मत नहीं कराई गई तो यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

भिखारीपुर त्रिमुहानी शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में से एक माना जाता है। इस रास्ते से प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन और बड़ी संख्या में लोग गुजरते हैं। सड़क धंसने के बाद प्रशासन और पुलिस ने एहतियातन बैरिकेडिंग कर क्षेत्र को घेर दिया है तथा चेतावनी संकेत भी लगाए गए हैं, ताकि लोग सावधानी बरत सकें। बावजूद इसके दुर्घटना का खतरा लगातार बना हुआ है।

123

राहगीरों के अनुसार सड़क के बीच अचानक बने गड्ढे के कारण वाहन चालकों को अचानक ब्रेक लगानी पड़ रही है, जिससे जाम की स्थिति भी उत्पन्न हो रही है। रात के समय यह समस्या और अधिक गंभीर हो जाती है, क्योंकि पर्याप्त रोशनी न होने से गड्ढा दूर से दिखाई नहीं देता। स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि कई बार दोपहिया वाहन चालक गड्ढे के पास असंतुलित होते-होते बचे हैं।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि शहर में सड़क धंसने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले लंका क्षेत्र में सियाराम डेयरी के पास भी सड़क धंस चुकी है। लगातार अलग-अलग इलाकों में इस तरह की घटनाएं होने से भूमिगत पाइपलाइन, सीवर व्यवस्था और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं। लोगों का आरोप है कि सड़कों की मरम्मत और निर्माण में मानकों की अनदेखी की जा रही है।

123

यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के वाराणसी दौरे की तैयारियां जोरों पर हैं। मुख्यमंत्री के आगमन से पहले शहर की सड़कों और यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन बड़े-बड़े दावे करता रहा है, लेकिन जमीन पर हालात कुछ और ही तस्वीर बयां कर रहे हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि वीआईपी दौरों के दौरान केवल मुख्य मार्गों की औपचारिक सजावट की जाती है, जबकि वास्तविक समस्याएं जस की तस बनी रहती हैं।

123

दैत्राबीर बाबा मंदिर के आसपास रहने वाले लोगों ने प्रशासन से तत्काल सड़क की मरम्मत कराने और धंसने के कारणों की जांच कराने की मांग की है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। फिलहाल नगर निगम और लोक निर्माण विभाग की ओर से मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

Share this story