वाराणसी में 46 केंद्रों पर सकुशल संपन्न हुई दरोगा भर्ती परीक्षा, डीएम ने लिया जायजा

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। जिले में आयोजित उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक (दारोगा) भर्ती परीक्षा रविवार को कड़ी सुरक्षा और व्यापक व्यवस्थाओं के बीच सकुशल संपन्न हो गई। जनपद के 46 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित इस परीक्षा को शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने व्यापक इंतजाम किए थे।

परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी। साथ ही परीक्षा की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी गई। परीक्षा कक्ष में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन जांच की गई, ताकि किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि की संभावना को रोका जा सके।

जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने शहर के कई परीक्षा केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखते हुए परीक्षा की सुचिता बनाए रखने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने बताया कि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं।

डीएम के अनुसार जनपद में कुल 46 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जहां दो दिनों तक चार पालियों में परीक्षा आयोजित की गई। इन चार पालियों के लिए कुल 77,760 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। रविवार को आयोजित परीक्षा की दोनों पालियों में कुल 38,880 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 18,622 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए।

आंकड़ों के अनुसार प्रथम पाली में 19,440 अभ्यर्थियों के सापेक्ष 9,221 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि द्वितीय पाली में 19,440 में से 9,401 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। इस प्रकार प्रथम पाली में लगभग 47 प्रतिशत और द्वितीय पाली में करीब 48 प्रतिशत अभ्यर्थियों की उपस्थिति दर्ज की गई।

जिलाधिकारी ने बताया कि भर्ती बोर्ड के तय प्रोटोकॉल के अनुसार प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट और इनविजिलेटर की तैनाती की गई थी। इसके अलावा हर परीक्षा कक्ष की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे और एक केंद्रीय कंट्रोल रूम से लगातार सभी केंद्रों की निगरानी की जा रही थी।

परीक्षा के दौरान जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारी लगातार विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण करते रहे और पूरी प्रक्रिया पर कड़ी नजर बनाए रखी। अधिकारियों ने बताया कि 14 और 15 मार्च को आयोजित इस भर्ती परीक्षा को सफल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, परीक्षा केंद्रों के कर्मचारियों और अन्य संबंधित विभागों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

Share this story