काशी विद्यापीठ में छात्रों को मिलेगा अग्निवीर भर्ती का प्रशिक्षण, परीक्षा की तैयारी भी कराई जाएगी
वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के छात्रों को अब पढ़ाई के साथ-साथ अग्निवीर भर्ती की तैयारी का भी अवसर मिलेगा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों को सेना भर्ती से जुड़ी आवश्यक जानकारी और प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके तहत छात्रों को लिखित परीक्षा, शारीरिक दक्षता और भर्ती प्रक्रिया से संबंधित विभिन्न पहलुओं के बारे में जागरूक किया जाएगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार यह पहल उत्तर प्रदेश के राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल के निर्देश के बाद शुरू की जा रही है। हाल ही में राजभवन में आयोजित बैठक में विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में छात्रों को रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया था। इसी क्रम में अब काशी विद्यापीठ ने अग्निवीर भर्ती प्रशिक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करनी शुरू कर दी है।
कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने बताया कि विश्वविद्यालय में एनसीसी कैडेट्स को पहले से ही सेना भर्ती से संबंधित प्रशिक्षण दिया जाता रहा है, लेकिन अब इसका दायरा बढ़ाकर सभी इच्छुक विद्यार्थियों तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि छात्रों को भर्ती प्रक्रिया की छोटी-बड़ी जानकारियां, लिखित परीक्षा की तैयारी और शारीरिक दक्षता से जुड़ी आवश्यक जानकारी दी जाएगी, ताकि युवा बेहतर तरीके से सेना में भर्ती की तैयारी कर सकें।
विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि इस पहल से उन छात्रों को विशेष लाभ मिलेगा जो भारतीय सेना में शामिल होकर देश सेवा का सपना देखते हैं। प्रशिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों को न केवल भर्ती प्रक्रिया समझने में मदद मिलेगी, बल्कि प्रतियोगी माहौल के अनुरूप उनकी तैयारी भी मजबूत होगी।
बताया जा रहा है कि विश्वविद्यालय स्तर पर जल्द ही इस संबंध में विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी। इसके लिए विशेषज्ञों और प्रशिक्षकों की मदद से विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि छात्रों के सर्वांगीण विकास और रोजगारपरक अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

