यूपी कॉलेज में धरने पर बैठे छात्रों ने मुंडन कर जताया विरोध, प्रिंसिपल को हटाने की मांग कर रहे छात्र
वाराणसी। यूपी कॉलेज में प्रिंसिपल को हटाने की मांग को लेकर धरने पर बैठे छात्रों ने बुधवार को मुंडन कराकर विरोध जताया। छात्रों का आरोप है कि सूर्य हत्याकांड में कॉलेज प्रशासन की भूमिका संदिग्ध है। अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। छात्रों ने प्रिंसिपल को हटाने की मांग की। मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की घोषणा की। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कॉलेज परिसर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। एडीसीपी नीतू कात्यायन ने धरनास्थल पर पहुंचकर छात्रों से बात की।

20 मार्च को कॉलेज परिसर में दिनदहाड़े छात्र सूर्य प्रताप सिंह की हत्या कर दी गई थी। इस घटना ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया था। मामले में मुख्य आरोपी मंजीत चौहान को पुलिस ने घटना के दिन ही गिरफ्तार कर लिया था, जबकि दूसरे आरोपी अनुज ने हाल ही में अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया है। इसके बावजूद छात्रों का गुस्सा शांत नहीं हुआ है।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना है कि करीब 500 छात्रों की मौजूदगी में हुई इस हत्या की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद है, लेकिन इसके बावजूद कॉलेज प्रशासन के खिलाफ अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। छात्रों की मांग है कि मुख्य आरोपी को फांसी की सजा दी जाए और कॉलेज के प्राचार्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उन्हें तत्काल पद से हटाया जाए।

छात्रों ने साफ कहा है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक उनका अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। धरना स्थल पर कई दर्जन पुलिसकर्मी मौजूद हैं और सुरक्षा व्यवस्था पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।

