IKS ओलम्पियाड 2025 में संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के छात्रों का दबदबा, जीता गोल्ड मेडल 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय के छात्रों ने भारतीय ज्ञान परम्परा (IKS) ओलम्पियाड 2025 में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता केन्द्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय में आयोजित की गई थी, जिसमें देशभर के विभिन्न विश्वविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।

123

प्रतियोगिता के विभिन्न वर्गों में विश्वविद्यालय स्तर पर छात्रों ने उल्लेखनीय सफलता अर्जित की। अखिलेश कुमार मिश्र ने प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया, जबकि नंदिनी साहू ने द्वितीय और अमन पटेल ने तृतीय स्थान हासिल किया। इस उपलब्धि ने न केवल विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है, बल्कि पूरे देश के लिए भी गर्व का विषय बना है।

इस ओलम्पियाड का उद्देश्य भारतीय ज्ञान परंपरा के विभिन्न आयामों को बढ़ावा देना और युवाओं को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना है। वाराणसी के छात्रों ने अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा, गहन अध्ययन और समर्पण के बल पर इस प्रतियोगिता में श्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए अपनी अलग पहचान बनाई।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर बिहारीलाल शर्मा ने विजेता छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा हमारी संस्कृति की मूल पहचान है। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी जब अपनी जड़ों से जुड़कर वैश्विक मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करती है, तो यह पूरे राष्ट्र के लिए गर्व की बात होती है।

भारतीय ज्ञान परंपरा केंद्र से जुड़े शिक्षकों ने भी छात्रों की इस सफलता पर हर्ष व्यक्त किया। समन्वयक प्रोफेसर दिनेश कुमार गर्ग, डॉ. ज्ञानेन्द्र सापकोटा, डॉ. विजय कुमार शर्मा और डॉ. आशीष मणि त्रिपाठी ने इसे विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और उचित मार्गदर्शन का परिणाम बताया। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी छात्र इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते रहेंगे।

इसके अतिरिक्त छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष प्रोफेसर शैलेश मिश्रा, बीएड विभागाध्यक्ष प्रोफेसर विशाखा शुक्ला, संगीत विभाग की शिक्षिका डॉ. श्रुति उपाध्याय, अधीक्षक उपेन्द्र नाथ द्विवेदी और जनसंपर्क अधिकारी शशीन्द्र मिश्रा सहित विश्वविद्यालय के अन्य शिक्षकों, शोधार्थियों और छात्रों ने भी विजेताओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Share this story