एक हजार शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी पढ़ेंगे तमिल साहित्य, तिरुक्कुरल के दोहे, काशी तमिल संगमम-5.0 में सांस्कृतिक आदान-प्रदान के साथ शिक्षा पर जोर

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। दक्षिण और उत्तर भारत की सांस्कृतिक परंपराओं को जोड़ने के साथ तमिल साहित्य को देशभर के विद्यार्थियों तक पहुंचाने की पहल की जा रही है। काशी तमिल संगमम-5.0 के पांचवें संस्करण में इस बार महान तमिल साहित्यकार तिरुवल्लुवर की रचना तिरुक्कुरल को केंद्र में रखा गया है। इसके तहत देशभर के एक हजार उच्च शिक्षण संस्थानों को जोड़ने की योजना बनाई गई है। इन संस्थानों के विद्यार्थियों को तमिल साहित्य और तिरुक्कुरल के दोहों का अध्ययन कराया जाएगा।

28 नवंबर से 12 दिसंबर तक आयोजित होने वाले काशी तमिल संगमम-5.0 की थीम तिरुक्कुरल पेरलिवम यानी तिरुक्कुरल का अध्ययन रखी गई है। शिक्षा मंत्रालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, देश के 31 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के उच्च शिक्षण संस्थानों को इस पहल से जोड़ने की तैयारी है। इसके लिए अलग-अलग राज्यों में नोडल विश्वविद्यालयों की जिम्मेदारी तय की गई है। उत्तर प्रदेश में यह जिम्मेदारी बीएचयू को सौंपी गई है। बीएचयू के जिम्मे प्रदेश के 300 शिक्षण संस्थानों को जोड़ने का दायित्व होगा।

तमिलनाडु के 50 शिक्षक यूपी के स्कूल-कॉलेजों में पढ़ाएंगे
सांस्कृतिक और शैक्षणिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने के लिए तमिलनाडु के 50 शिक्षकों को उत्तर प्रदेश के स्कूलों और कॉलेजों में तिरुक्कुरल पढ़ाने के लिए लाने की योजना है। इनके माध्यम से विद्यार्थियों को तमिल साहित्य, भाषा और संस्कृति से परिचित कराया जाएगा। शिक्षकों के माध्यम से कक्षा स्तर पर संवाद और अध्ययन गतिविधियां भी आयोजित होंगी। इसके लिए अध्ययन सामग्री, अकादमिक परिचय कार्यक्रम, लेखन और शोध गतिविधियों को भी आयोजन का हिस्सा बनाया गया है।

तमिलनाडु से आएंगे 1400 प्रतिनिधि, सात समूहों में होगा विभाजन
काशी तमिल संगमम-5.0 में तमिलनाडु से करीब 1400 प्रतिनिधियों के वाराणसी आने का कार्यक्रम है। इन्हें सात समूहों में बांटा जाएगा। प्रत्येक समूह में लगभग 200 प्रतिनिधि शामिल होंगे। इनके कार्यक्रम में वाराणसी के साथ प्रयागराज और अयोध्या का भ्रमण भी शामिल रहेगा। इस दौरान प्रतिनिधियों को धार्मिक, सांस्कृतिक, शैक्षणिक और ऐतिहासिक स्थलों से परिचित कराया जाएगा। आयोजन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। बीएचयू में हुई उच्चस्तरीय बैठक में रेलवे, आईआरसीटीसी, जिला प्रशासन और संबंधित एजेंसियों के बीच समन्वय, प्रतिनिधियों के ठहरने, परिवहन, भोजन, चिकित्सा और भ्रमण की व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई।


22 भाषाओं में उपलब्ध होगी तिरुक्कुरल की अध्ययन सामग्री
तिरुक्कुरल को विद्यार्थियों तक पहुंचाने के लिए बहुभाषी डिजिटल अध्ययन सामग्री का उपयोग किया जाएगा। केंद्रीय शास्त्रीय तमिल संस्थान के पोर्टल पर तिरुक्कुरल से संबंधित 22 भाषाओं में अध्ययन सामग्री उपलब्ध है। पोर्टल पर 1330 दोहों के साथ 1359 ऑडियो रिकॉर्डिंग और 233 वीडियो तथा व्याख्यान भी दर्ज हैं। तमिल भाषा नहीं जानने वाले विद्यार्थियों को भी उनकी अपनी भाषा में अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है।

तिरुक्कुरल तमिल साहित्य की महत्वपूर्ण रचनाओं में शामिल है। इसमें 1330 दोहे हैं। काशी तमिल संगमम के माध्यम से इस साहित्यिक विरासत को देश के विभिन्न हिस्सों के विद्यार्थियों तक पहुंचाने के साथ उत्तर और दक्षिण भारत के बीच शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।

BK Pathak
BK Pathak

21830 Articles

Beerkeshwar Pathak Journalist Beerkeshwar Pathak, who entered the field of journalism in 2015, has nearly a decade of experience in print and digital media. He holds a postgraduate diploma in journalism and has established his reputation through reporting at prestigious media outlets like Amar Ujala, Hindustan, and Dainik Jagran. He has a special interest and expertise in reporting on political and social issues, news analysis, and editing, along with eventful news. He currently serves as an editor at Live VNS, a leading digital news platform in Varanasi. In this role, he is contributing to reshaping digital journalism and delivering important information to readers through factual and reliable news. Factual investigation of news and effective editing are key aspects of his journalism.

Share this story