BHU में छात्रसंघ बहाली आंदोलन तेज, कुलपति का पुतला फूंका, मांगों को लेकर की नारेबाजी
वाराणसी। बीएचयू में छात्रसंघ बहाली की मांग को लेकर चल रहा आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। छात्रसंघ भवन पर पिछले छह दिनों से छात्र-छात्राओं का अनिश्चितकालीन धरना जारी है। आंदोलन के समर्थन में विश्वविद्यालय के आम छात्र भी सामने आने लगे हैं। रविवार को महिला महाविद्यालय तिराहे पर छात्रों ने कुलपति का पुतला दहन कर छात्रसंघ बहाली की मांग उठाई। वहीं, धरने के पांचवें दिन आंदोलनकारियों ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ कर आंदोलन की सफलता और साथियों के संघर्ष के लिए प्रार्थना की।
धरनास्थल पर आयोजित सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ में छात्र-छात्राओं और उनके समर्थकों ने भाग लिया। इस दौरान आंदोलन की सफलता, साथियों के धैर्य, साहस और संघर्ष की निरंतरता की कामना की गई। छात्र नेता शिवांश सिंह ने कहा कि छात्रसंघ केवल चुनाव कराने की व्यवस्था नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की लोकतांत्रिक आवाज, अधिकारों और नेतृत्व क्षमता के विकास का महत्वपूर्ण मंच है। करीब तीन दशक से विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव नहीं होने का मुद्दा विद्यार्थियों की लोकतांत्रिक भागीदारी से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन किसी व्यक्ति या संगठन के खिलाफ नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के प्रतिनिधित्व और लोकतांत्रिक अधिकारों की बहाली के लिए है।

छात्रों ने कहा कि छात्रसंघ बहाली की मांग केवल धरने पर बैठे कुछ विद्यार्थियों तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे छात्र समुदाय के भविष्य और प्रतिनिधित्व से जुड़ी है। शिवांश सिंह ने सभी छात्र संगठनों और विद्यार्थियों से आपसी मतभेद भुलाकर आंदोलन में एकजुट होने की अपील की। धरने में शिवांश सिंह, आदित्य, अमन, सत्यम, प्रिंस, ऋषि, विवर्त, अनुराग, रघुवेंद्र और अमृतांशु समेत अन्य छात्र शामिल रहे।

