बीएचयू में चुनाव आयोग के खिलाफ छात्र संगठनों का प्रदर्शन, पारदर्शिता की मांग

WhatsApp Channel Join Now

एनएसयूआई ने आर्ट्स फैकल्टी तो समाजवादी छात्र सभा ने महिला महाविद्यालय चौराहे पर किया प्रदर्शन, चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर उठाए सवाल

वाराणसी। बीएचयू में शनिवार को चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता को लेकर दो छात्र संगठनों ने अलग-अलग प्रदर्शन किए। एनएसयूआई-बीएचयू ने दोपहर एक बजे आर्ट्स फैकल्टी परिसर में प्रदर्शन किया, जबकि समाजवादी छात्र सभा, बीएचयू के नेतृत्व में शाम चार बजे महिला महाविद्यालय चौराहे पर विरोध-प्रदर्शन कर पुतला दहन किया गया।

एनएसयूआई-बीएचयू ने चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग उठाई। संगठन के कार्यकर्ताओं ने मतदाता सूची, नए मतदाताओं के पंजीकरण और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को लेकर नारेबाजी की। छात्रों ने हाल में सामने आई चुनाव आयोग से संबंधित रिपोर्टों का हवाला देते हुए प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठाए। चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर विपक्षी दलों की ओर से उठाए जा रहे सवालों का भी छात्रों ने उल्लेख किया। 

123

एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने कहा कि चुनावी प्रक्रिया से जुड़े मामलों में स्पष्टता, मतदाता सूची की शुचिता और संस्थागत जवाबदेही जरूरी है। संगठन ने चुनाव आयोग से जुड़े आरोपों की जांच और तथ्यों को सार्वजनिक करने की मांग की।

जांच और जानकारी सार्वजनिक करने की मांग
दूसरी ओर, समाजवादी छात्र सभा की ओर से महिला महाविद्यालय चौराहे पर प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग की। संगठन ने चुनाव प्रक्रिया से संबंधित कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराने और इससे जुड़े तथ्यों को सार्वजनिक करने की मांग रखी।

समाजवादी छात्र सभा ने सूचना का अधिकार अधिनियम, 2005 के माध्यम से चुनाव प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी जनता के सामने लाने की मांग भी की। प्रदर्शनकारियों ने चुनाव आयोग की जवाबदेही तय करने और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाई। संगठन की ओर से कहा गया कि यदि उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं होती है तो आने वाले समय में लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा। प्रदर्शन में आयुष मौर्य, निर्भय यादव, अभिनंदन गोड़, अमन मौर्य, अभिषेक गोप, रीतम सिंह, अभिलाष यादव, प्रिंस कुमार, सचिन सिंह और अंकित सहित अन्य छात्र शामिल रहे।

Share this story