रोलर स्केटिंग में बरेका के खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन, राज्य और राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में जीते 10 पदक
वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) की रोलर स्पीड स्केटिंग अकादमी के खिलाड़ियों ने राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए बरेका और उत्तर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। खिलाड़ियों की इस उल्लेखनीय उपलब्धि से बरेका परिवार और खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल है।
आगरा में 10 मई 2026 को भारतीय रोलर स्पोर्ट संघ द्वारा आयोजित चतुर्थ राज्य स्तरीय रोलर स्पीड स्केटिंग मैराथन चैंपियनशिप में अकादमी के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में अक्षय दीप उपाध्याय ने प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं इशिका उपाध्याय और फ़रज़ाम हुसैन ने द्वितीय स्थान हासिल कर बरेका की उपलब्धियों में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
इसके बाद 21 से 25 मई 2026 तक नोएडा में आयोजित 11वीं ओपन नेशनल रैंकिंग रोलर स्पीड स्केटिंग चैंपियनशिप में बरेका अकादमी के छह खिलाड़ियों ने उत्तर प्रदेश टीम का प्रतिनिधित्व किया। ध्रुवी त्रिपाठी, निहारा त्रिपाठी, अक्षय दीप उपाध्याय, इशिका उपाध्याय, अर्चना उपाध्याय और फ़रज़ाम हुसैन ने राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने कुल सात पदक जीतकर शानदार सफलता हासिल की। अक्षय दीप उपाध्याय ने एक रजत और दो कांस्य पदक प्राप्त किए, जबकि इशिका उपाध्याय ने एक कांस्य पदक अपने नाम किया। फ़रज़ाम हुसैन ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण और दो रजत पदक जीतकर प्रतियोगिता में विशेष पहचान बनाई।
खिलाड़ियों की इस सफलता के पीछे उनके प्रशिक्षक अभिषेक कुमार उपाध्याय और टीम मैनेजर श्रीमती सीमा का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उनके मार्गदर्शन और निरंतर प्रशिक्षण ने खिलाड़ियों को उच्च स्तर की प्रतिस्पर्धाओं में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए तैयार किया। इस उपलब्धि पर बरेका संस्थान के सचिव आलोक कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अभिभावकों को बधाई दी। बरेका के जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने कहा कि खिलाड़ियों की यह सफलता संस्थान की समृद्ध खेल परंपरा को आगे बढ़ाने के साथ-साथ युवा प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी।

