कचहरी परिसर में पान-गुटखा थूकने वालों पर सख्ती, भरना पड़ेगा 500 रुपये जुर्माना
वाराणसी। कचहरी परिसर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए सेंट्रल बार एसोसिएशन (सीबीए) ने सख्त कदम उठाया है। अब कचहरी परिसर में पान, गुटखा या अन्य पदार्थ खाकर कहीं भी थूकने पर 500 रुपये का अर्थदंड लगाया जाएगा। सीबीए ने अधिवक्ताओं, वादकारियों और परिसर में आने वाले आम लोगों से स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।
सीबीए की ओर से जारी निर्देश में हाल ही में कराए गए रंगरोगन का हवाला देते हुए दीवारों को गंदा करने और उनकी सुंदरता खराब करने से बचने को कहा गया है। परिसर की दीवारों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर बिना अनुमति पोस्टर, बैनर अथवा पर्चे चस्पा करने पर भी रोक लगा दी गई है।
निर्देश के अनुसार नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ निर्धारित कार्रवाई की जाएगी। सीबीए महामंत्री आशीष सिंह ने स्पष्ट किया कि कचहरी परिसर की स्वच्छता और व्यवस्था से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नियम सभी के लिए समान होंगे और उल्लंघन करने वालों को किसी भी स्थिति में छूट नहीं दी जाएगी। एसोसिएशन का उद्देश्य परिसर को स्वच्छ, व्यवस्थित और बेहतर स्वरूप में बनाए रखना है।

