अवैध पार्किंग और ट्रैफिक उल्लंघन पर सख्ती, वाराणसी में 266 वाहनों का चालान, 3 सीज

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। यातायात व्यवस्था को सुचारु और सुरक्षित बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने अवैध पार्किंग एवं ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया। यह सघन चेकिंग अभियान बुधवार को अपर पुलिस उपायुक्त (गोमती ज़ोन) नृपेन्द्र के निर्देशन में जनपद के सभी थाना और चौकी प्रभारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में संचालित किया गया।

अभियान के दौरान राष्ट्रीय राजमार्गों, राज्य मार्गों तथा अन्य प्रमुख सड़कों पर विशेष निगरानी रखी गई। सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों को हटवाया गया, जिससे यातायात बाधा को कम किया जा सके। इसके साथ ही गलत लेन में चल रहे भारी वाहनों जैसे ट्रक, ट्रैक्टर और ट्रेलर के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की गई। पुलिस टीमों ने मौके पर ही कई वाहनों का चालान करते हुए चालकों को नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया।

इस कार्रवाई के तहत कुल 266 वाहनों का चालान किया गया। इनमें 71 दोपहिया वाहन, 40 तीनपहिया वाहन, 58 चारपहिया वाहन तथा 97 भारी वाहन शामिल रहे। इसके अलावा नियमों का गंभीर उल्लंघन करने वाले 3 वाहनों को सीज भी किया गया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि राष्ट्रीय और राज्य मार्गों पर गलत ढंग से खड़े या संचालित वाहनों के खिलाफ तत्काल प्रभाव से चालान या सीज की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही सड़क किनारे अवैध पार्किंग को पूरी तरह प्रतिबंधित करते हुए यातायात में किसी भी प्रकार की बाधा को समाप्त किया जाए।

अपर पुलिस उपायुक्त ने यह भी चेतावनी दी है कि अभियान के दौरान यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। इस सख्ती का उद्देश्य न केवल ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाना है, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना भी है।

Share this story