अस्सी घाट पर अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई, शाम 6 बजे के बाद चारपहिया वाहनों पर प्रतिबंध लागू

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण अस्सी घाट क्षेत्र में प्रशासन ने अतिक्रमण और यातायात अव्यवस्था के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए व्यापक अभियान चलाया। घाट मार्ग पर लगातार बढ़ रही भीड़, अवैध ठेलों और सड़क किनारे फैलते अतिक्रमण को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की।

123

यह अभियान चौकी इंचार्ज नवीन चतुर्वेदी के नेतृत्व में चलाया गया। इस दौरान सड़क किनारे लगे अस्थायी अतिक्रमणों को हटवाया गया और बिना अनुमति संचालित हो रहे ठेलों को हटाने की कार्रवाई की गई। साथ ही, ठेला संचालकों और दुकानदारों को स्पष्ट चेतावनी दी गई कि भविष्य में नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

1223

अभियान के दौरान प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए नया नियम भी लागू किया। अधिकारियों ने बताया कि शाम 6 बजे के बाद अस्सी घाट मार्ग पर चारपहिया वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। यह निर्णय इसलिए लिया गया है क्योंकि शाम के समय घाट पर श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ एकत्र होती है, जिससे अक्सर जाम और अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न हो जाती है।

1223

पुलिस प्रशासन ने साफ कहा कि यदि कोई व्यक्ति निर्धारित व्यवस्था का उल्लंघन करता है या दोबारा अतिक्रमण करता पाया जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी, जिसमें एफआईआर दर्ज करना भी शामिल है। मौके पर मौजूद लोगों को सार्वजनिक मार्गों को बाधित न करने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील भी की गई।

123

स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत किया है। उनका कहना है कि लंबे समय से घाट क्षेत्र में अनियंत्रित अतिक्रमण और वाहनों की भीड़ के कारण आवागमन प्रभावित हो रहा था, जिससे परेशानी बढ़ रही थी।

123

Share this story