पीएसी रामनगर में खेल और सुरक्षा सुविधाओं को मजबूती, आधुनिक बास्केटबॉल कोर्ट व ट्रैफिक बूथ का उद्घाटन
वाराणसी। 36वीं वाहिनी पीएसी रामनगर परिसर में शुक्रवार को खेल, स्वास्थ्य और सुरक्षा व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) पीएसी वाराणसी अनुभाग मनोज कुमार सोनकर ने नव निर्मित आधुनिक बास्केटबॉल कोर्ट का लोकार्पण किया तथा वाहिनी मुख्य द्वार के सामने बनाए गए नए ट्रैफिक बूथ का उद्घाटन कर उसे जनसेवा के लिए समर्पित किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों, जवानों और खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ 36वीं वाहिनी पीएसी के सेनानायक डॉ. अनिल कुमार पाण्डेय द्वारा मुख्य अतिथि डीआईजी मनोज कुमार सोनकर का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत करने के साथ हुआ। इसके बाद डीआईजी ने आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित बास्केटबॉल कोर्ट का लोकार्पण किया। अधिकारियों ने बताया कि इस कोर्ट के निर्माण से जवानों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा उनकी शारीरिक दक्षता और खेल प्रतिभा को नई दिशा मिलेगी।

बास्केटबॉल कोर्ट के उद्घाटन के उपरांत खेल भावना और आपसी समन्वय को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 34वीं वाहिनी पीएसी वाराणसी एवं 36वीं वाहिनी पीएसी रामनगर के बीच मैत्री बास्केटबॉल मैच का आयोजन किया गया। डीआईजी ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और मैच का शुभारंभ कराया।

मैच के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन किया। मुकाबले में 34वीं वाहिनी पीएसी वाराणसी की टीम ने शुरू से ही बढ़त बनाए रखी और अंततः 46-14 के बड़े अंतर से जीत दर्ज कर ट्रॉफी अपने नाम कर ली। मैच समाप्ति के बाद उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए, जबकि विजेता टीम को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। खिलाड़ियों और अधिकारियों ने इस आयोजन को खेल संस्कृति को बढ़ावा देने वाला महत्वपूर्ण प्रयास बताया।
इस अवसर पर सेनानायक डॉ. अनिल कुमार पाण्डेय ने डीआईजी मनोज कुमार सोनकर को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इसके बाद डीआईजी ने वाहिनी चिकित्सालय का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं तथा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जवानों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक संसाधनों और व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ किया जाए।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में डीआईजी ने वाहिनी मुख्य द्वार के सामने नवनिर्मित ट्रैफिक बूथ का फीता काटकर उद्घाटन किया। अधिकारियों के अनुसार ट्रैफिक बूथ के संचालन से परिसर और आसपास के क्षेत्र में यातायात प्रबंधन अधिक व्यवस्थित होगा तथा सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। इस अवसर पर उपसेनानायक प्रमोद कुमार यादव, सहायक सेनानायक राजेश कुमार, शिविरपाल कैलाश नाथ यादव, सूबेदार मेजर सुरेंद्र कुमार, प्रभारी सी/आर संजय सिंह, एसक्यूएम राम सिंह, आरटीसी प्रभारी गौरव त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी और जवान उपस्थित रहे।

