अवांछनीय तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दी महात्मा बुद्ध और डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा, ग्रामीणों में आक्रोश, आरोपियों की गिरफ्तारी को पुलिस टीमें सक्रिय 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र के गौरडीह गांव में शुक्रवार देर रात भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर, तथागत भगवान बुद्ध और मां काली की प्रतिमाओं से छेड़छाड़ की घटना सामने आने के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा स्थिति को नियंत्रित करते हुए गांव में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर दी हैं।

123

शनिवार सुबह ग्रामीणों की सूचना पर सबसे पहले चौबेपुर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर चोलापुर और सारनाथ थानों की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ की। किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई।

एसीपी सारनाथ विनय कुमार द्विवेदी ने बताया कि राजकुमार भारती की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना के शीघ्र खुलासे के लिए कई पुलिस टीमों का गठन किया गया है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों, स्थानीय इनपुट और अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

123

घटना के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों के साथ बैठक कर शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि क्षतिग्रस्त प्रतिमाओं के स्थान पर जल्द नई प्रतिमाएं स्थापित कराई जाएंगी। प्रशासन के इस आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने संयम बनाए रखने और पुलिस जांच में सहयोग करने की बात कही।

ग्रामीण बच्चेलाल गौतम, पन्नालाल गौतम, बांसराज गौतम, राजकुमार गौतम, दुर्गा देवी, शीला, मलाकी देवी, निर्मला, राम आश्रय प्रसाद, जीउत राम और राजनारायण सहित अन्य लोगों ने मांग की कि नई प्रतिमाओं की स्थापना शीघ्र कराई जाए तथा घटना में शामिल अराजक तत्वों को जल्द गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

123

घटनास्थल पर चौबेपुर थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा, चोलापुर थाना प्रभारी निरीक्षक सधुवन राम गौतम और सारनाथ थाना प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार त्रिपाठी अपनी-अपनी पुलिस टीमों के साथ देर तक मौजूद रहे और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे।

Share this story