वाराणसी में शुरू हुई प्रदेश की पहली क्रूज निर्माण इकाई, बनेगा डबल डेकर सोलर क्रूज 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। रामनगर में प्रदेश के पहले क्रूज निर्माण इकाई का शुभारंभ हो गया है। यहां डबल डेकर सोलर क्रूज आदित्य गंगा का निर्माण होगा। पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप के तहत 63 यात्रियों की क्षमता वाले क्रूज का निर्माण फ्रेंच तकनीक से किया जाएगा। इससे पर्यटन और जल परिवहन को बढ़ावा मिलेगा। वहीं रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। 

जल परिवहन के केंद्र के रूप में रामनगर की पहचान बनती जा रही है। यहां मल्टी माडल टर्मिनल में क्रूज निर्माण इकाई स्थापित कर दी गई है। अधिकारियों की मानें तो क्रूज आधुनिक उपकरणों से लैस होगा। दो तल वाला वातानुकूलित क्रूज सौर ऊर्जा से संचालित होगा। आदित्य गंगा के निर्माण के बाद यहां केरल की कंपनी तीन और क्रूज का निर्माण करेगी।

 

आदित्य गंगा क्रूज खास फ्रेंच तकनीक से तैयार किया जा रहा है। यह सोलर से संचालित होगा। सूरज की रोशनी से यह 14.8 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलेगा। सूरज की रोशनी खत्म होने के बाद आटोमेटिक बैटरी बैकअप पर काम करेगा। इसकी बैटरी तीन घंटे चलेगी। क्रूज निदेशक प्रियांक देव सिंह बताते हैं कि केरल की शिपयार्ड कंपनी फ्रेंच तकनीक से इसका निर्माण कर रही है। डबल डेकर क्रूज का निर्माण शुरू कर दिया गया है। अगस्त तक पहले क्रूज का निर्माण पूरा होने की उम्मीद है। पर्यटक इस पर सवार होकर गंगा की सैर कर सकते हैं।
 

Share this story