लहरतारा में जलजमाव और सीवर ओवरफ्लो से जल्द मिलेगी राहत, स्टाम्प मंत्री रविंद्र जायसवाल ने किया निरीक्षण
पीडब्ल्यूडी और जलकल अधिकारियों को प्राथमिकता से काम पूरा कराने के निर्देश
वाराणसी। शहर उत्तरी विधानसभा क्षेत्र के लहरतारा वार्ड में रविवार को प्रदेश सरकार के स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क मंत्री रविंद्र जायसवाल ने क्षेत्रीय समस्याओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जलजमाव, सीवर ओवरफ्लो, पेयजल और सड़क से जुड़ी समस्याओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने लहरतारा चौराहा, बौलिया और फुलवरिया फोरलेन के नीचे सर्विस रोड बनाए जाने की आवश्यकता का भी मौके पर निरीक्षण किया। स्थानीय लोगों ने उन्हें बताया कि बरसात के दौरान कई स्थानों पर जलजमाव की स्थिति बन जाती है। इसके अलावा सीवर ओवरफ्लो के कारण भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। सड़क चौड़ीकरण के बाद आवागमन को लेकर आ रही दिक्कतों से भी मंत्री को अवगत कराया गया।

स्थानीय लोगों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता केके सिंह और जलकल सचिव सुधीर कुमार को जलजमाव, सीवर ओवरफ्लो तथा आवागमन से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा कराने को कहा। मंत्री ने कहा कि क्षेत्रवासियों को जलजमाव और सीवर की समस्या के कारण परेशानी न हो, इसके लिए संबंधित विभाग मौके की स्थिति का आकलन कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने लंबित कार्यों में तेजी लाने और आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के भी निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने क्षेत्र की मौजूदा स्थिति की जानकारी ली और समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया। मंत्री ने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान के लिए स्थलीय निरीक्षण जरूरी है, ताकि मौके की वास्तविक स्थिति के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष मनोज सोनकर, पार्षद संजू सरोज, पार्षद सिद्धनाथ शर्मा, राकेश जायसवाल, भरत गुप्ता, विनोद गुप्ता और संतोष गुप्ता समेत संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।


