महाशिवरात्रि पर वाराणसी में विशेष ट्रैफिक प्लान लागू, 15 फरवरी को भारी भीड़ के मद्देनजर शहर में पार्किंग और डायवर्जन व्यवस्था, कई मार्गों पर चारपहिया वाहन प्रतिबंधित

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। महाशिवरात्रि के पावन पर्व 15 फरवरी 2026 को मनाए जाने के अवसर पर वाराणसी में भारी भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस कमिश्नरेट ने विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। श्रद्धालुओं, स्नानार्थियों और बाहर से आने वाले भक्तों की संख्या को ध्यान में रखते हुए शहर के अंदर व्यापक पार्किंग और डायवर्जन व्यवस्था लागू की गई है, ताकि यातायात सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बना रहे। 

शहर के अंदर बनाई गई 17 अस्थायी पार्किंग
यातायात पुलिस द्वारा शहर के विभिन्न हिस्सों में दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। सोनारपुरा, गोदौलिया और रामापुरा की ओर जाने वाले वाहनों के लिए एग्लो-बंगाली इंटर कॉलेज, द्वारिकाधीश मंदिर क्षेत्र, पीडीआर पार्किंग लक्सा, गोदौलिया मल्टीलेवल पार्किंग, बेनियाबाग, जय नारायण इंटर कॉलेज मैदान, सनातन धर्म इंटर कॉलेज मैदान और सीएमएस स्कूल मैदान जैसे स्थान चिन्हित किए गए हैं।

अस्सी और ब्रॉडवे की ओर से आने वाले वाहनों के लिए ब्रॉडवे–रवीन्द्रपुरी मार्ग तथा रविदास पार्क को पार्किंग स्थल बनाया गया है। वहीं महुराबीर और आसपास के क्षेत्रों में टाउनहॉल मैदान, हरिश्चंद्र कॉलेज, सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय क्षेत्र, राजकीय आईटीआई कॉलेज और क्वीन्स इंटर कॉलेज मैदान सहित अन्य स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। 

कई प्रमुख मार्गों पर चारपहिया वाहनों की एंट्री बंद
महाशिवरात्रि के दिन शहर के भीतरी हिस्सों में कई स्थानों पर चारपहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। मैदागिन से बुलानाला और गोदौलिया तक का क्षेत्र प्रतिबंधित जोन घोषित किया गया है। पिपलानी कटरा, विश्वेश्वरगंज, बेनियाबाग, लक्सा, रेवड़ी तालाब, सोनारपुरा, महुराबीर और अमर उजाला तिराहा जैसे प्रमुख चौराहों से वाहनों को डायवर्ट कर निर्धारित पार्किंग स्थलों की ओर भेजा जाएगा। 

दो चरणों में लागू होगा डायवर्जन प्लान
यातायात योजना को दो चरणों में लागू किया जाएगा। पहले चरण में भीड़ के अनुसार शहर के अंदर प्रवेश करने वाले वाहनों को विभिन्न वैकल्पिक मार्गों की ओर मोड़ा जाएगा। दूसरे चरण में अत्यधिक भीड़ होने की स्थिति में बाहरी जनपद से आने वाले वाहनों को भी शहर में प्रवेश से पहले ही डायवर्ट कर दिया जाएगा। गोदौलिया, गुरुबाग, ब्रॉडवे और अग्रवाल तिराहा जैसे क्षेत्रों से वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की जाएगी। 

श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील
यातायात पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे जारी ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करें और निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें। किसी भी असुविधा की स्थिति में ट्रैफिक कंट्रोल रूम (+917839856994) या ट्रैफिक हेल्पलाइन नंबर (+917317202020) पर संपर्क किया जा सकता है। 

प्रशासन का कहना है कि सभी के सहयोग से महाशिवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जाएगा।

ं

ं

Share this story