संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी, बीट पुलिसिंग मजबूत करने पर जोर, अपर पुलिस आयुक्त ने दिए सख्त निर्देश 

WhatsApp Channel Join Now

एडिशनल पुलिस कमिश्नर ने कैंट थाने का किया निरीक्षण, व्यापारियों संग बैठक कर जानी समस्याएं 

अभिलेखों से लेकर मालखाने तक की व्यवस्थाएं परखीं, उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मी पुरस्कृत

लंबित मामलों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, साइबर अपराध पर त्वरित कार्रवाई और बीट पुलिसिंग मजबूत करने पर जोर

व्यापारियों से सीसीटीवी कैमरे लगवाने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील

महिला शक्ति केंद्र, साइबर कार्यालय, सीसीटीएनएस और मालखाने का जाना हाल, संवेदनशील स्थलों पर पुलिस व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश


वाराणसी। कमिश्नरेट वाराणसी में पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने और कानून-व्यवस्था मजबूत रखने के उद्देश्य से अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा ने बुधवार को कैंट थाने का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर की व्यवस्थाओं, अभिलेखों, जनसुनवाई, लंबित मामलों और पुलिसकर्मियों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत कर प्रोत्साहित भी किया गया।


अपर पुलिस आयुक्त ने सहायक पुलिस आयुक्त कैंट प्रज्ञा पाठक के साथ क्षेत्र के व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों से बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं। बैठक में कानून-व्यवस्था, यातायात और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का नियमानुसार और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही व्यापारिक प्रतिष्ठानों और महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने, उन्हें क्रियाशील रखने तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।

123

जनसुनवाई और पुलिसिंग में सुधार पर जोर
थाने के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक में ड्यूटी, कार्यप्रणाली और क्षेत्र की कानून-व्यवस्था की समीक्षा की गई। पुलिसकर्मियों को फरियादियों के साथ शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार करने, उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनने और शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। बीट पुलिसिंग मजबूत करने, अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखने तथा वांछित और वारंटियों के खिलाफ कार्रवाई तेज करने पर भी जोर दिया गया।


अभिलेखों और सुविधाओं का किया निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान मालखाना, थाना कार्यालय, महिला शक्ति केंद्र, सीसीटीएनएस कार्यालय, साइबर कार्यालय, मेस, बैरक, शौचालय और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। रजिस्टरों एवं अभिलेखों के रखरखाव और अद्यतन स्थिति की जांच करते हुए लंबित प्रविष्टियों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए गए। साइबर अपराध से जुड़ी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई, पीड़ितों को सहायता उपलब्ध कराने तथा महिला और बाल अपराधों में संवेदनशीलता एवं गोपनीयता बनाए रखने को कहा गया।

123
आगामी त्योहारों और महत्वपूर्ण आयोजनों के मद्देनजर संवेदनशील क्षेत्रों, धार्मिक स्थलों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, रात्रि गश्त और यातायात व्यवस्था प्रभावी रखने के निर्देश भी दिए गए। अपर पुलिस आयुक्त ने पुलिसकर्मियों को अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और संवेदनशीलता के साथ काम करने तथा निरीक्षण में सामने आई कमियों को तत्काल दूर करने को कहा।

123

Share this story