नरेन्द्र मोदी के सबसे लंबे समय तक पीएम बने रहने पर काशी में होंगे सेवा और स्वच्छता के विशेष कार्यक्रम

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री पद पर सर्वाधिक समय तक कार्यरत रहने का नया कीर्तिमान स्थापित करने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी काशी क्षेत्र द्वारा 10 जून को विभिन्न सेवा, स्वच्छता और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर सोमवार को भाजपा महानगर कार्यालय गुलाब बाग में महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तय की गई।

इस दौरान महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विश्व पटल पर अपनी अलग पहचान बनाई है। उनका लंबे समय तक प्रधानमंत्री पद पर बने रहना देशवासियों के विश्वास, सुशासन, विकास और जनकल्याणकारी नीतियों की स्वीकृति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि काशी, प्रधानमंत्री का संसदीय क्षेत्र होने के नाते इस अवसर को सेवा, समर्पण और जनभागीदारी के पर्व के रूप में मनाएगी।

बैठक में जानकारी दी गई कि 10 जून को प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी काशी पहुंचेंगे और विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता करेंगे। निर्धारित कार्यक्रमों के तहत सुबह 6 बजे अस्सी घाट, शास्त्री घाट, नमो घाट तथा मलदहिया स्थित सेवा बस्ती समेत विभिन्न स्थानों पर व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद सुबह 8 बजे काशी के प्रमुख मंदिरों में विशेष पूजन-अर्चन का आयोजन किया जाएगा। इनमें श्री काशी विश्वनाथ मंदिर, तिलभांडेश्वर महादेव मंदिर, रेवड़ी तालाब स्थित मंदिर और अर्दली बाजार का महावीर मंदिर प्रमुख रूप से शामिल हैं।

इसके पश्चात सुबह 10 बजे से विभिन्न अस्पतालों, वृद्धाश्रमों और सेवा संस्थानों में फल वितरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वृद्धाश्रम रामनगर, माता आनंदमयी अस्पताल, काशी अनाथालय, पंडित दीनदयाल उपाध्याय चिकित्सालय, आयुर्वेद कॉलेज, दुर्गाकुंड वृद्धाश्रम, कुष्ठ आश्रम संकटमोचन तथा शिवप्रसाद गुप्त चिकित्सालय कबीरचौरा में विशेष सेवा गतिविधियां संचालित की जाएंगी।

कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए विधानसभा स्तर पर संयोजकों की नियुक्ति भी की गई। बैठक में सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से कार्यक्रमों को भव्य, अनुशासित तथा जनसहभागिता से परिपूर्ण बनाने का आह्वान किया गया। बैठक में क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल, जिला अध्यक्ष रामसकल पटेल, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल, डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, अनिल राजभर, हंसराज विश्वकर्मा, विधायक नीलकंठ तिवारी, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, धर्मेंद्र सिंह और विधायक प्रतिनिधि अदिति पटेल सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Share this story