वाराणसी में विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान का शुभारंभ, डॉ. नीलकंठ तिवारी ने दिखाई जागरूकता रैली को हरी झंडी
वाराणसी। जनपद में संचारी रोगों की रोकथाम और लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यालय मुख्य चिकित्सा अधिकारी, दुर्गाकुंड परिसर से पूर्व मंत्री एवं शहर दक्षिणी विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने जन-जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जनसहभागिता, स्वच्छता और जागरूकता के माध्यम से ही संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।

दुर्गाकुंड से बीएचयू तक निकली जागरूकता रैली
अभियान के शुभारंभ के बाद निकली जन-जागरूकता रैली कार्यालय मुख्य चिकित्सा अधिकारी परिसर से शुरू होकर दुर्गाकुंड, लंका और बीएचयू होते हुए शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, दुर्गाकुंड पर संपन्न हुई। रैली में नर्सिंग कॉलेज के छात्र-छात्राओं के साथ स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा आमजन को संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक किया।

स्वच्छता ही संचारी रोगों से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय
पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य केवल रोगों का उपचार करना नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक कर बीमारियों की रोकथाम सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता बनाए रखने, सुरक्षित पेयजल का उपयोग करने, जलभराव रोकने तथा मच्छरों के प्रजनन स्थलों को समाप्त करने से डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, एक्यूट इंसेफेलाइटिस सिंड्रोम (एईएस) और जापानी इंसेफेलाइटिस जैसी बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। उन्होंने नागरिकों से इस अभियान को जनआंदोलन बनाने की अपील भी की।
घर-घर पहुंचेंगी स्वास्थ्य विभाग की टीमें
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार ने बताया कि पूरे जुलाई माह चलने वाले इस अभियान के दौरान विभिन्न विभागों के समन्वय से स्वच्छता अभियान, नालियों की सफाई, झाड़ियों की कटाई, सोर्स रिडक्शन, एंटी लार्वा गतिविधियां, फॉगिंग और जन-जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि दस्तक अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर बुखार, टीबी, कुपोषण और अन्य संचारी रोगों के संभावित मरीजों की पहचान करेंगी तथा आवश्यक जांच और उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगी।

स्वास्थ्य सेवाओं में योगदान के लिए जताया आभार
कार्यक्रम के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार ने जनपद में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण, स्वास्थ्य संस्थानों के विकास तथा जनहित में किए गए कार्यों के लिए पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी का आभार व्यक्त किया।

डॉक्टर्स डे पर चिकित्सकों का हुआ सम्मान
राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर डॉ. नीलकंठ तिवारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार, डॉ. निकुंज वर्मा, डॉ. सौरभ सिंह तथा डॉ. अजय सिंह को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि चिकित्सक अपने ज्ञान, सेवा और समर्पण से समाज को स्वस्थ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा उनकी सेवाएं सदैव सम्मान और प्रेरणा का विषय रहेंगी।

कार्यक्रम में स्थानीय पार्षद, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. शिशिर, जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. शरद चंद पाण्डेय, मलेरिया अधिकारी सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक, स्वास्थ्य अधिकारी एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।


