सुसुवाही में विशेष सफाई अभियान, भारी मात्रा में कूड़ा का किया गया निस्तारण
वाराणसी। सुसुवाही वार्ड नंबर 39 में जगह-जगह जमा कूड़े और गंदगी को देखते हुए मंगलवार को विशेष सफाई अभियान चलाया गया। पार्षद सुरेश कुमार पटेल उर्फ गुड्डू पटेल के नेतृत्व में सुबह से शुरू हुए अभियान में वार्ड के विभिन्न इलाकों की सफाई कराई गई। इस दौरान करीब 8 से 10 ट्रैक्टर कूड़ा एकत्र कर मौके से हटवाया गया और उसका निस्तारण कराया गया।
पार्षद ने स्वयं क्षेत्र का भ्रमण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। जहां भी सड़क किनारे, खाली स्थानों और घरों के आसपास कूड़े के ढेर दिखाई दिए, वहां तत्काल सफाई कर्मचारियों को भेजकर कूड़ा उठवाया गया। अभियान के दौरान नालियों और नालों की सफाई पर भी विशेष ध्यान दिया गया, ताकि बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति न बने।

सुसुवाही भगवती नगर रोड, प्रज्ञा पुरम कॉलोनी के पास मुख्य मार्ग, चंद्रिका चौराहा और पोखरी के आसपास विशेष सफाई कराई गई। ओम ग्रीन गार्डन के पास भी सफाई अभियान चलाया गया। वहीं नुआव तड़िया पुल के समीप नाले की सफाई का कार्य कराया जा रहा है। चंद्रिका चौराहे पर सफाई के बाद वहां एकत्र कूड़े को भी तत्काल उठाकर निर्धारित स्थान पर भेजा गया।
लोगों को स्वच्छता के प्रति किया जागरूक
अभियान के दौरान पार्षद ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर उन्हें स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। उन्होंने लोगों से अपील की कि घरों और दुकानों से निकलने वाला कूड़ा सड़क किनारे, नाली अथवा खाली स्थानों पर न फेंकें। उन्होंने कहा कि क्षेत्र को स्वच्छ रखने में नगर निगम के साथ नागरिकों की भूमिका भी महत्वपूर्ण है।
पार्षद ने कहा कि कई स्थानों पर लोग घरों के आसपास ही कूड़ा फेंक देते हैं, जिससे कुछ ही समय में गंदगी का ढेर लग जाता है। ऐसे स्थानों को चिह्नित कर सफाई कराई गई है। उन्होंने लोगों से निर्धारित स्थान पर ही कूड़ा डालने और सफाई व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।

रोजाना 25 से 30 कर्मचारी कर रहे सफाई
पार्षद सुरेश कुमार पटेल ने बताया कि वार्ड की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नियमित अभियान चलाया जा रहा है। मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, महापौर और नगर आयुक्त के निर्देशन में वार्ड में सफाई कार्य कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन करीब 25 से 30 सफाई कर्मचारी वार्ड के अलग-अलग इलाकों में सफाई कार्य में लगाए जाते हैं।
उन्होंने कहा कि सफाई के बाद एकत्र कूड़े को भी तत्काल उठाकर निस्तारित कराया जा रहा है। नालियों और नालों की सफाई पर विशेष जोर दिया जा रहा है, ताकि बारिश में जलनिकासी बाधित न हो। पार्षद ने स्पष्ट किया कि विशेष सफाई अभियान आगे भी जारी रहेगा और वार्ड को स्वच्छ रखने के लिए नियमित निगरानी की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से जनसहयोग की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयास से ही सुसुवाही को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सकता है।


