रविदास पार्क के पास सीवर के पानी में उतरे सपा कार्यकर्ता, नगर निगम वाहन के सामने लेटकर जताया विरोध
वाराणसी। सीर गोवर्धनपुर स्थित रविदास पार्क के समीप मुख्य सड़क पर कई दिनों से जमा बरसात और सीवर के गंदे पानी से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। जलजमाव के कारण सड़क पर बने गड्ढे दिखाई नहीं दे रहे हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों के गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं। टोटो पलटने और स्कूली बच्चों को आवागमन में दिक्कत होने की भी शिकायत स्थानीय लोगों ने की है।
सीर गोवर्धनपुर गेट से लौटूवीर बाईपास की ओर जाने वाला यह मार्ग आगे काशी हिंदू विश्वविद्यालय के सर सुंदरलाल चिकित्सालय, ट्रॉमा सेंटर और आईआईटी बीएचयू की ओर जाने वाले प्रमुख रास्तों से जुड़ता है। ऐसे में इस मार्ग पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से जलजमाव और सड़क की बदहाली के बावजूद स्थायी समाधान नहीं हो सका है।

पानी में उतरकर किया प्रदर्शन
समस्या के विरोध में समाजवादी पार्टी के नेता अमन यादव शनिवार को सड़क पर जमा गंदे पानी में उतर गए। उन्होंने पानी के बीच खड़े होकर विरोध जताया और नगर निगम के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। प्रदर्शन के दौरान नगर निगम की गंदगी साफ करने वाली बड़ी गाड़ी सड़क से गुजर रही थी। इसी दौरान अमन यादव वाहन के सामने लेट गए और भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगाने की मांग की।
अमन यादव का आरोप है कि नगर निगम के भारी वाहनों की आवाजाही से सड़क की हालत और खराब हो रही है। उनका कहना है कि इस संबंध में अधिकारियों से कई बार शिकायत की गई, लेकिन समस्या का प्रभावी समाधान नहीं हुआ।
सीवर चैंबर बंद होने का आरोप
सपा नेता ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा हाल में इसी क्षेत्र से समरसता यात्रा का शुभारंभ किए जाने के दौरान सड़क का आनन-फानन में निर्माण कराया गया था। उनका दावा है कि सड़क निर्माण के दौरान नीचे मौजूद सीवर चैंबर और मैनहोल ढक गए, जिससे जलनिकासी प्रभावित हो रही है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
उन्होंने जिलाधिकारी, नगर आयुक्त, महापौर और संबंधित विभाग के अधिकारियों से मौके का निरीक्षण कर जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की। उनका कहना है कि पहले सड़क से जमा पानी और सीवर का गंदा पानी हटाया जाए, इसके बाद गड्ढों की मरम्मत कराई जाए। अमन यादव ने चेतावनी दी कि यदि जलनिकासी की समस्या दूर नहीं की गई और भारी वाहनों का आवागमन नियंत्रित नहीं हुआ तो समाजवादी पार्टी कार्यकर्ता चक्का जाम और व्यापक आंदोलन करेंगे।
स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से सीवर की सफाई, जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था और सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि अस्पताल और विश्वविद्यालय की ओर जाने वाला महत्वपूर्ण मार्ग होने के कारण इसकी बदहाली को नजरअंदाज करना दुर्घटना का कारण बन सकता है।

