महंगाई के विरोध में सड़क पर उतरी सपा, PDA चीनी 40 रुपये किलो बेचकर जताया विरोध, पीएम के संसदीय कार्यालय जाते वक्त रोके जाने पर पुलिस से नोकझोक
वाराणसी। महंगाई के खिलाफ समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने वाराणसी में सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। भेलूपुर थाना क्षेत्र में हुए प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने खाद्य सामग्री के साथ चीनी लेकर विरोध जताया। उन्होंने प्रतीकात्मक रूप से ‘पीडीए चीनी’ 40 रुपये प्रति किलो की दर से बेचकर सरकार की नीतियों के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। प्रधानमंत्री के संसदीय कार्यालय जाते वक्त बैरिकेडिंग लगाकर रोके जाने पर पुलिस के साथ नोकझोक हुई।
प्रदर्शनकारी प्रधानमंत्री के संसदीय कार्यालय की ओर जाने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में रोक दिया। पुलिस द्वारा रोके जाने पर कार्यकर्ताओं का आक्रोश बढ़ गया और मौके पर पुलिस तथा सपा कार्यकर्ताओं के बीच तीखी बहस हुई। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे जाने से रोकने का प्रयास किया।

प्रदर्शन के दौरान समाजवादी महिला सभा की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रीबू श्रीवास्तव ने महंगाई को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन के त्योहार के समय चीनी की कीमत 70 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है। उनका आरोप था कि सरकार मनमाने तरीके से महंगाई बढ़ा रही है और आम जनता पर लगातार आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।
रीबू श्रीवास्तव ने कहा कि देश की जनता पहले से ही महंगाई की दोहरी मार झेल रही है। उन्होंने सरकार पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता की समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान दिया जाना चाहिए। प्रदर्शन के दौरान एक अलग दृश्य भी देखने को मिला। सपा नेत्री ने भेलूपुर थाना प्रभारी को राखी बांधी। इसके बाद उन्हें उपहार स्वरूप चीनी दी गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने महंगाई के मुद्दे को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की।

समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव राजू यादव ने भी महंगाई को लेकर भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि आवश्यक खाद्य वस्तुओं की बढ़ती कीमतों का सीधा असर आम परिवारों के घरेलू बजट पर पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से महंगाई पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। सपा नेताओं ने कहा कि उनका प्रदर्शन आम जनता की परेशानियों को सरकार तक पहुंचाने के लिए किया गया है। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि महंगाई पर प्रभावी नियंत्रण नहीं किया गया तो पार्टी आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज करेगी। प्रदर्शन के दौरान पुलिस की मौजूदगी में कुछ देर तक नोकझोंक की स्थिति बनी रही। बाद में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया।

