जलभराव और सीवर जाम की समस्या को लेकर सपाइयों ने किया प्रदर्शन, नगर आयुक्त को सौंपा पत्रक, दिया 15 दिन का अल्टीमेटम

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। बारिश के बाद शहर के विभिन्न इलाकों में जलभराव, जाम सीवर और नालियों की समस्या को लेकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को नगर निगम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। सपाइयों ने नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी करते हुए समस्याओं के तत्काल समाधान की मांग की। इस दौरान सपा के प्रदेश सचिव एवं अधिवक्ता राजू यादव ने नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर जलनिकासी और मच्छर नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की। साथ ही 15 दिन में समस्याओं का समाधान नहीं होने पर धरने पर बैठने की चेतावनी दी।


प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता ‘डूबते बनारस’ के पोस्टर लेकर पहुंचे। राजू यादव ने कहा कि बारिश के बाद शहर के कई वार्डों और मोहल्लों में सड़कों व गलियों में पानी जमा है। कई स्थानों पर सीवर और नालियां जाम होने से गंदा पानी लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। जलभराव के कारण मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ रहा है, जिससे डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ने की आशंका है।

123
ज्ञापन में जलभराव वाले क्षेत्रों में तत्काल पंपिंग और जलनिकासी की व्यवस्था कराने तथा सीवर और नालियों की जेटिंग मशीनों से युद्धस्तर पर सफाई कराने की मांग की गई। इसके अलावा सभी वार्डों और मोहल्लों में नियमित फॉगिंग, कीटनाशक व एंटी-लार्वा दवाओं का छिड़काव कराने की मांग उठाई गई। सपा नेताओं ने सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में मच्छर जनित रोगों की जांच, दवाओं, चिकित्सकों और बेड की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा प्रभावित क्षेत्रों में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाने की मांग भी की।


राजू यादव ने कहा कि वाराणसी धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण शहर है, जहां देश-विदेश से श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में स्वच्छता और जलनिकासी व्यवस्था बेहतर होना जरूरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम की उदासीनता से जनता परेशान है और सरकार की भी किरकिरी हो रही है।

उन्होंने कहा कि जलभराव, सीवर सफाई और मच्छर नियंत्रण के लिए स्थायी कार्ययोजना बनाकर प्रत्येक वार्ड में जिम्मेदार अधिकारियों की निगरानी सुनिश्चित की जाए। स्कूलों, अस्पतालों, बाजारों और धार्मिक स्थलों पर विशेष सफाई व फॉगिंग अभियान चलाया जाए। कार्यकर्ताओं ने चेताया कि 15 दिन में समस्या दूर नहीं हुई तो समाजवादी पार्टी आंदोलन तेज करेगी।

Share this story