Paper Leak के विरोध में सपा का प्रदर्शन, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। देशभर में लगातार सामने आ रहे परीक्षा प्रश्नपत्र लीक के मामलों और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर सोमवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं और युवाओं ने बीएचयू सिंहद्वार पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को सौंपते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि लगातार हो रहे पेपर लीक से प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। उनका कहना था कि लाखों-करोड़ों युवा वर्षों की मेहनत के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाएं उनकी मेहनत और भविष्य दोनों को प्रभावित कर रही हैं।

देखें वीडियो

सभा को संबोधित करते हुए योगेंद्र यादव ने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक ने करोड़ों युवाओं के सपनों को तोड़ने का काम किया है। उन्होंने कहा कि सरकार न तो युवाओं को रोजगार उपलब्ध करा पा रही है और न ही निष्पक्ष एवं पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कर पा रही है। उन्होंने कहा कि बार-बार हो रही ऐसी घटनाएं शिक्षा व्यवस्था पर लोगों का भरोसा कमजोर कर रही हैं। उन्होंने मांग की कि पेपर लीक के सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए मजबूत व्यवस्था बनाई जाए।

कार्यक्रम के आयोजक रजत वाल्मीकि ने कहा कि आज का युवा वर्षों तक कठिन परिश्रम करके प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करता है, लेकिन पेपर लीक माफिया और सरकारी लापरवाही उसकी मेहनत पर पानी फेर देती है। उन्होंने कहा कि जब तक शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और जवाबदेह अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित नहीं होगी, तब तक समाजवादी पार्टी युवाओं के हितों की लड़ाई लड़ती रहेगी। उन्होंने राष्ट्रपति से मांग की कि शिक्षा व्यवस्था में जनता का विश्वास बहाल करने के लिए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तत्काल पद से हटाया जाए तथा सभी पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए।

प्रदर्शन के उपरांत समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि देशभर में हुए पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच कराई जाए, दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए, परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित बनाया जाए तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा दें।

इस अवसर पर राजू यादव, इस्तकबाल कुरैशी, लालू यादव, आरती यादव, विवेक जोसफ, रितेश केशरी, ऊर्जेश गुप्ता, विनोद यादव, डॉ. किरन बाला, मनोज यादव, रामाकांत जायसवाल, अमन यादव, ज़ाहिद नासिर, इम्तियाज गामा, सत्यप्रकाश सोनकर, वरुण सिंह, राजेश यादव, अजय पटेल, अजय यादव, बृजेश राजभर सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता एवं युवा मौजूद रहे।

देखें वीडियो

Share this story