अखिलेश यादव का पुतला फूंकने पर भड़के सपाई, पुलिस से की शिकायत, पत्रक सौंप की भाजपा के खिलाफ कार्रवाई की मांग

वाराणसी। यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव का भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा पुतला दहन किए जाने को लेकर सपा कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश है। विरोध स्वरूप सपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा "विश्वकर्मा" के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने कोतवाली पहुंचकर थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा। साथ ही इस मामले में तत्काल मुकदमा दर्ज करने की मांग की। इस दौरान सपा नेताओं में काफी आक्रोश देखने को मिला।
सपा नेता विष्णु शर्मा "विश्वकर्मा" ने पुलिस अधिकारियों से नाराजगी जताते हुए कहा कि देश की तीसरी सबसे बड़ी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का भाजपा समर्थित कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को मैदागिन चौराहे पर पुतला दहन किया, लेकिन पुलिस मूकदर्शक बनी रही। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस की निष्क्रियता के चलते भाजपा नेताओं का मनोबल बढ़ गया, जिसके कारण शनिवार को एक बार फिर रोहनिया में सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव का पुतला दहन किया गया। उन्होंने चेतावनी दिया कि यदि समय रहते पुलिस प्रशासन ने भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई नहीं की, तो सपा कार्यकर्ता भी उसी अंदाज में जवाब देने के लिए तैयार हैं।
सपा कार्यकर्ताओं के आक्रोश को देखते हुए थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया कि इस मामले में जल्द ही आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान सपा के वरिष्ठ नेता ईशान श्रीवास्तव, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दीपचंद गुप्ता, अनिल सिंह पटेल, समन यादव, युवजन सभा के महानगर अध्यक्ष राहुल गुप्ता, पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के महानगर अध्यक्ष विवेक कहार, कैंट के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष दिलीप कश्यप समेत अन्य कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।