वाराणसी में समाजवादी PDA पंचांग का विमोचन, घर-घर पहुंचाएंगे कार्यकर्ता, 2027 की तैयारी
वाराणसी। समाजवादी पार्टी की ओर से राजनीतिक और संगठनात्मक मजबूती की दिशा में एक अहम पहल के तहत रविवार को वाराणसी में समाजवादी PDA पंचांग का विमोचन किया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर पंचांग का विमोचन किया गया। कार्यकर्ताओं के जरिये घर-घर पंचांग बांटने की योजना है। इसे आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।
समाजवादी PDA पंचांग का विमोचन सपा के विधान परिषद सदस्य (MLC) आशुतोष सिन्हा और समाजवादी पार्टी व्यापार सभा के प्रदेश अध्यक्ष द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर पार्टी नेताओं ने कहा कि यह पंचांग केवल एक कैलेंडर नहीं, बल्कि समाजवादी विचारधारा, सामाजिक न्याय और PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) वर्गों की एकजुटता का प्रतीक है।
नेताओं ने बताया कि समाजवादी पार्टी पूरे प्रदेश में विशेष अभियान चलाकर इस पंचांग का वितरण करेगी। इसके तहत पार्टी कार्यकर्ता गांव-गांव, मोहल्ले-मोहल्ले और घर-घर जाकर समाजवादी PDA पंचांग पहुंचाएंगे। पंचांग के माध्यम से समाजवादी पार्टी की नीतियों, विचारों और सामाजिक सरोकारों को आम जनता तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
एमएलसी ने बताया कि PDA पंचांग का विमोचन पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को लखनऊ में किया था। रविवार को वाराणसी में इसका विमोचन किया गया। हमारे देश की एकता, अखंडता को बनाए रखने के लिए जिन लोगों ने अपने प्राणों की आहुति दे दी, देश में सबसे पहले आरक्षण की बात करने वाले ज्योतिबा फुले और देश की पहली शिक्षिका सावित्री बाई फुले, जिन्होंने महिलाओं को पढ़ाने और वकालत कराने की बात कही, उनके बारे में देश के बहुत सारे नौजवान नहीं जानते।
उन्होंने बताया कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर, लोकनायक जयप्रकाश नारायण, राजनारायण, मुलायम सिंह यादव समेत देश की एकता-अखंडता के लिए अपना योगदान देने वाले लोगों का जिक्र इस पंचांग में मिलेगा। उन्होंने बताया कि इसकी काफी डिमांड है। लोग इसके बारे में पूछ रहे हैं, इसे प्राप्त करना चाह रहे हैं। समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं के जरिये प्रदेश में हर घर तक यह पंचांग पहुंचाने का काम करेंगे।

