बाबतपुर एयरपोर्ट पर बनेगा स्मार्ट ग्लास कॉरिडोर, 5 मिनट में पहुंचेंगे नए से पुराने टर्मिनल

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर यात्रियों की सुविधाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है। एयरपोर्ट के विस्तारीकरण के तहत अब नए और पुराने टर्मिनल भवन को जोड़ने के लिए अत्याधुनिक स्मार्ट ग्लास कॉरिडोर बनाया जाएगा। इसके बन जाने के बाद यात्रियों को एक टर्मिनल से दूसरे टर्मिनल तक जाने के लिए बाहर नहीं निकलना पड़ेगा और वे महज पांच मिनट में आसानी से दूसरे टर्मिनल तक पहुंच सकेंगे।

एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार पहले से संचालित पुराने टर्मिनल भवन के बगल में नए टर्मिनल भवन का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। निर्माण पूरा होने के बाद पुराने टर्मिनल भवन से अंतरराष्ट्रीय और नए टर्मिनल भवन से घरेलू उड़ानों का संचालन किए जाने की योजना है। इसी को ध्यान में रखते हुए दोनों टर्मिनलों को आपस में जोड़ने के लिए स्मार्ट ग्लास कॉरिडोर तैयार किया जाएगा।

यह कॉरिडोर पूरी तरह कांच से ढका और वातानुकूलित होगा, जिससे यात्रियों को हर मौसम में आरामदायक सुविधा मिल सकेगी। अधिकारियों के मुताबिक इसमें ट्रैवलेटर लगाने की भी योजना है, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और दिव्यांग यात्रियों को विशेष सहूलियत मिलेगी। इससे यात्रियों को सामान के साथ लंबी दूरी पैदल तय करने की परेशानी नहीं होगी।

एयरपोर्ट विस्तार परियोजना के अंतर्गत परिसर का क्षेत्रफल भी बढ़ाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि विस्तारीकरण कार्य के दौरान काशी की सांस्कृतिक पहचान को भी प्रमुखता दी जा रही है। नए भवन की डिजाइन, प्रवेश द्वार और अन्य संरचनाओं में आधुनिकता के साथ काशी की पारंपरिक झलक दिखाई देगी। एयरपोर्ट प्रशासन का मानना है कि स्मार्ट ग्लास कॉरिडोर बनने से दोनों टर्मिनलों के बीच आवागमन अधिक सुगम होगा और यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाओं का अनुभव मिलेगा।

Share this story