चौकाघाट विद्युत खंड में करेंट से स्किल्ड लाइनमैन की मौत, जेई पर लापरवाही का आरोप, एफआईआर की मांग 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। चौकाघाट विद्युत वितरण खंड-द्वितीय में ड्यूटी के दौरान करंट लगने से स्किल्ड लाइनमैन राजकुमार यादव की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना से बिजली विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है, वहीं विभाग की सुरक्षा व्यवस्था और कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। हादसे के बाद अधिशासी अभियंता ने चेतगंज थाने में तहरीर देकर संबंधित अवर अभियंता के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।

शनिवार दोपहर करीब 12:33 बजे राजकुमार यादव 11 केवी फीडर पर विद्युत लाइन से संबंधित कार्य कर रहे थे। आरोप है कि कार्य शुरू कराने से पहले आवश्यक सुरक्षा मानकों का पूर्ण रूप से पालन नहीं कराया गया। इसी दौरान लाइन में अचानक विद्युत प्रवाहित हो गई, जिससे राजकुमार यादव गंभीर रूप से करंट की चपेट में आ गए। साथियों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।

123

अधिशासी अभियंता द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर में कहा गया है कि प्रथम दृष्टया यह दुर्घटना संबंधित अवर अभियंता की लापरवाही का परिणाम प्रतीत होती है। तहरीर में मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज करने और विधिक कार्रवाई करने की मांग की गई है। पुलिस ने तहरीर प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

इस हादसे के बाद बिजली विभाग के कर्मचारियों में आक्रोश और चिंता का माहौल है। कर्मचारियों का कहना है कि विद्युत कार्य अत्यंत जोखिमपूर्ण होता है, इसलिए प्रत्येक कार्य से पहले सुरक्षा प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन अनिवार्य होना चाहिए। उनका आरोप है कि कई बार पर्याप्त सुरक्षा उपायों और संसाधनों के अभाव में कर्मचारियों को जोखिम उठाकर काम करना पड़ता है।

Share this story