मॉडल के रूप में विकसित होंगी बनारस की छह सड़कें, पार्किंग, वेंडिंग जोन, लैंड स्केपिंग बनेगा

वाराणसी। जिले की 6 सड़कें मॉडल के रूप में विकसित की जाएंगी। मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम के तहत इन सड़कों किनारे फुटपाथ, पार्किंग, वेंडिंग जोन, लैंडस्केपिंग और मार्ग प्रकाश की व्यवस्था कराई जाएगी। 47.84 करोड़ रुपये की लागत से सारे काम कराए जाएंगे।
शहरों में ग्रीन सड़कों का निर्माण कराया जा रहा है। इनका निर्माण अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप कराया जा रहा है। इसके बाद बार-बार होने वाली खोदाई, अतिक्रमण की समस्या नहीं होगी। यहां की सड़कें सबसे अधिक जाम रहती है। इसके चलते आएदिन कोई न कोई समस्या आती है। एक इलाके से दूसरे इलाके को जोड़ने वाली सड़कों को इस प्रकार से बनाया जाएगा, ताकि बार-बार समस्या न आए।
अधिकारियों ने बताया कि इस योजना के तहत बनने वाले सड़कों में अंडरग्राउंड केवल लाइन, बिजली के तार, पानी की पाइप सहित कई सुविधाओं को भूमिगत डाला जाएगा। भूमिगत नाली का निर्माण होगा। फुटपाथ, स्ट्रीट लाइट, सड़कों की ऊपरी सतह अंतरराष्ट्रीय स्तर की होगी। सड़कों के किनारे पौधारोपण होंगे। इन सड़कों पर बार-बार रोड कटिंग नहीं होगी।
इन सड़कों के निर्माण में 7 प्रतिबंधित प्लास्टिक का इस्तेमाल किया जाएगा। इसी प्रकार की सड़कें अन्य जगहों पर बनाई जाएंगी। ग्रीन रोड का विदेशों में प्रमुखता से निर्माण हो रहा है। ये सड़कें पूरी तरह से इको फ्रेंडली होती हैं। इन्हें वेस्टेज चीजों जैसे प्लास्टिक आदि से मिलाकर बनाया जाता है।