SIR : बूथों पर मिलेंगे बीएलओ, पढ़ी जाएगी मतदाता सूची, दावा-आपत्ति का मौका

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विधानसभा मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआरआर) अभियान के तहत 6 जनवरी से चल रही प्रक्रिया के क्रम में 22 फरवरी (रविवार) को सुबह 10:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक सभी बूथों पर बीएलओ उपस्थित रहेंगे। इस दौरान प्रकाशित मतदाता सूची पढ़कर सुनाई जाएगी और मतदाताओं से दावा-आपत्ति प्राप्त की जाएगी।

 

जिला निर्वाचन अधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची का आलेख प्रकाशन पहले ही किया जा चुका है। यदि किसी मतदाता का नाम सूची में नहीं है तो वह फार्म-6 भरकर नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकता है। वहीं नाम, पता या अन्य विवरण में संशोधन के लिए फार्म-8 भरा जाएगा। मृत, स्थानांतरित या अनुपस्थित मतदाताओं के नाम हटाने के लिए भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन किया जा सकेगा।

 

उन्होंने कहा कि निर्धारित तिथि को बूथ से जुड़े सभी शैक्षणिक संस्थान और कार्यालय खुले रहेंगे, ताकि निरीक्षण कार्य सुचारु रूप से हो सके। निरीक्षण के दौरान बीएलओ की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी। ऑनलाइन माध्यम से भी आवेदन की सुविधा उपलब्ध है। मतदाता Election Commission of India की वेबसाइट voters.eci.gov.in, ECINET मोबाइल ऐप के जरिए फार्म-6, 7 और 8 भरकर जमा कर सकते हैं।

प्रशासन ने अपील की है कि जिन युवाओं की आयु 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है, वे मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन अवश्य करें, ताकि वे अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।

Share this story