जानकी नगर में सड़क पर सिल्ट, खाली प्लाट में कूड़ा, महापौर ने नोटिस जारी करने का दिया निर्देश
वाराणसी। नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे सप्ताहव्यापी महा-अभियान के तहत रविवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी ने सरायनंदन वार्ड के जानकी नगर कॉलोनी का निरीक्षण किया। इस दौरान सफाई व्यवस्था में खामियां मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने पाया कि सीवर की सफाई तो कर दी गई थी, लेकिन निकाली गई सिल्ट को सड़क पर ही छोड़ दिया गया था, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही थी। इस पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने निर्देश दिया कि सीवर सफाई के 24 घंटे के भीतर हर हाल में सिल्ट का उठाव सुनिश्चित किया जाए।

इसके अलावा, कॉलोनी में एक खाली प्लॉट में भारी मात्रा में कूड़ा डंप मिला, जिस पर महापौर ने असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्लॉट मालिक को तत्काल नोटिस जारी कर आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र में गंदगी न फैले। स्थानीय निवासियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महापौर ने जानकी नगर में दो स्पीड ब्रेकर बनवाने के भी निर्देश दिए, जिससे वाहनों की तेज रफ्तार पर नियंत्रण किया जा सके। इस मौके पर पार्षद मदन मोहन तिवारी, श्याम आसरे मौर्य, अतुल पांडेय और राजकुमार, अपर नगर आयुक्त सविता यादव, मुख्य अभियंता आरके सिंह सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

