सिगरा शहीद उद्यान का 8.5 करोड़ से कायाकल्प, बनेगी हाईटेक डिजिटल लाइब्रेरी 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। नगर निगम द्वारा पार्कों के आधुनिकीकरण की दिशा में एक बड़ी पहल के तहत सिगरा स्थित शहीद उद्यान का कायाकल्प अंतिम चरण में पहुंच गया है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर करीब साढ़े आठ करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं, जिससे पार्क को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है। पार्क में 1.5 करोड़ की लागत से हाईटेक डिजिटल लाइब्रेरी बनेगी, जिसका लाभ लोगों को मिलेगा। 
 
शनिवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने शहीद उद्यान का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्य की गुणवत्ता और फिनिशिंग पर विशेष ध्यान देते हुए संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को सख्त निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस परियोजना का एक प्रमुख आकर्षण पार्क परिसर में बनाई जा रही हाईटेक डिजिटल लाइब्रेरी है, जिस पर लगभग 1.5 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। यह लाइब्रेरी विशेष रूप से बच्चों और युवाओं को ध्यान में रखकर तैयार की जा रही है, जहां आधुनिक संसाधनों के साथ शांत वातावरण में अध्ययन की सुविधा मिलेगी। नगर आयुक्त ने लाइब्रेरी निर्माण कार्य को भी शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।

पार्क के सौंदर्यीकरण के तहत मॉर्निंग वॉक करने वालों के लिए विशेष पाथवे तैयार किए जा रहे हैं। इसके अलावा बच्चों के मनोरंजन के लिए अत्याधुनिक झूले लगाए जा रहे हैं, जो इसे परिवारों के लिए एक आदर्श स्थान बनाएंगे। पार्क में आकर्षक फव्वारे भी स्थापित किए जा रहे हैं, जो इसकी सुंदरता को और बढ़ाएंगे।

इसके साथ ही पूरे परिसर में आधुनिक लाइटिंग व्यवस्था और पर्याप्त बैठने की सुविधा विकसित की जा रही है, जिससे शाम के समय भी लोग सुरक्षित और आरामदायक माहौल में समय बिता सकें। यह उद्यान तैयार होने के बाद शहर के प्रमुख आकर्षणों में शामिल होने की संभावना है। नगर आयुक्त ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य शहरवासियों को बेहतर और आधुनिक सार्वजनिक स्थल उपलब्ध कराना है। शहीद उद्यान का यह कायाकल्प न केवल शहर की सुंदरता बढ़ाएगा, बल्कि लोगों को स्वास्थ्य और मनोरंजन के लिए एक उत्कृष्ट स्थान भी प्रदान करेगा।

Share this story