सिगरा पुलिस ने सीज की 26 लाख की BMW बाइक, मोडिफाइड साइलेंसर से करती थी फायरिंग की आवाज, बिना नंबर प्लेट सड़क पर दौड़ा रहा था युवक  

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। सिगरा थाना क्षेत्र में पिछले करीब एक सप्ताह से देर रात तेज रफ्तार और मॉडिफाइड साइलेंसर की तेज आवाज से लोगों को परेशान करने वाली BMW सुपरबाइक पर पुलिस ने कार्रवाई की है। रविवार देर रात सिगरा पुलिस ने बाइक को रोककर कब्जे में लेते हुए सीज कर दिया। करीब 26 लाख रुपये कीमत की यह बाइक बिना नंबर प्लेट के सड़क पर दौड़ाई जा रही थी।

पुलिस के मुताबिक, बाइक सवार शहर की सड़कों पर तेज गति से और खतरनाक तरीके से वाहन चला रहा था। बाइक में लगा मॉडिफाइड साइलेंसर तेज आवाज के साथ बैकफायर करता था। इससे अचानक फायरिंग जैसी आवाज निकलती थी। देर रात रिहायशी इलाकों और प्रमुख सड़कों से गुजरते समय बाइक से होने वाली तेज आवाज के कारण आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन जाता था। पिछले कई दिनों से स्थानीय लोगों की ओर से इस संबंध में शिकायतें भी मिल रही थीं।

123

शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सिगरा पुलिस ने रविवार देर रात बाइक की तलाश कर उसे रोक लिया। जांच के दौरान बाइक पर नंबर प्लेट नहीं मिली। यातायात नियमों के उल्लंघन के साथ ही अवैध रूप से मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर ध्वनि प्रदूषण फैलाने के मामले में पुलिस ने बाइक को तत्काल सीज कर दिया।

सिगरा इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि बिना नंबर प्लेट वाहन चलाने, यातायात नियमों का उल्लंघन करने और अवैध मॉडिफाइड साइलेंसर के जरिए तेज आवाज करने के मामले में कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि पिछले कई दिनों से बाइक की तेज रफ्तार और देर रात होने वाली तेज आवाज को लेकर शिकायतें प्राप्त हो रही थीं।

Share this story